चियांकी मारपीट मामला: C.O, S.D.O व थाना प्रभारी समेत कई अधिकारियों पर एससी-एसटी एक्ट के तहत कोर्ट में दर्ज हुआ परिवाद
Palamu : मेदिनीनगर सदर अंचल के चियांकी गांव में 9 जुलाई को हुई कथित मारपीट की घटना को लेकर चिंता कुमारी ने बड़ा कानूनी कदम उठाया है। उन्होंने जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम सह विशेष न्यायालय (अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम) में परिवाद दायर कर मेदिनीनगर सदर अंचल अधिकारी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, सदर थाना प्रभारी, एनएच पदाधिकारी सुबोध शर्मा, सूरज कुमार, सतीश मेहता, राकेश सिंह, आदित्य प्रकाश तथा एसआई सुजीत पांडे समेत अन्य के विरुद्ध एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया है।

परिवादी पक्ष के अधिवक्ता रुचिर कुमार तिवारी ने बताया कि चिंता कुमारी का आरोप है कि 9 जुलाई को हुई घटना के दौरान नामजद लोगों ने उनके और उनके परिजनों के साथ मारपीट की तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए धांगर-उरांव जनजाति को लेकर अपमानित किया। उसके घर को बुलडोजर से तोड़कर घर में रखा चावल दाल सहित लाखों रुपया का सामान बर्बाद कर दिया।उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद न्याय की मांग को लेकर सदर थाना और पुलिस अधीक्षक कार्यालय का भी चक्कर लगाया। लेकिन प्राथमिकी दर्ज नहीं होने पर न्यायालय की शरण लेनी पड़ी।
परिवाद पर संज्ञान लेते हुए विशेष न्यायालय में मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगे की सुनवाई एवं कार्रवाई के लिए अगली तिथि निर्धारित की गई है।




