
80 वें स्वतंत्रता दिवस पर उपायुक्त ने जिला खेल स्टेडियम में झंडोत्तोलन कर राष्ट्रीय ध्वज को दी सलामी

Latehar : 80 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के मुख्य समारोह स्थल जिला खेल स्टेडियम में उपायुक्त संदीप कुमार के द्वारा ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी गई।उपायुक्त ने सभी जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि आज भारतवर्ष के 80 वें स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर समारोह में उपस्थित राज्य सांसद, विधायक गण, जनप्रतिनिधिगण, व्यवहार न्यायालय के पदाधिकारीगण, लातेहार जिला के प्रबुद्ध गणमान्य नागरिक, सभी पदाधिकारीगण, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार बंधुओं एवं लातेहार जिला वासियों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई। आज हम भारतवासी स्वतंत्रता दिवस समारोह मना रहे हैं। इस अवसर पर देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हैं।
15 अगस्त 1947 को मिली स्वतंत्रता हमें देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और त्याग की प्रेरणा देती है। इसी भावना के साथ लातेहार जिला प्रशासन द्वारा जिले के सर्वांगीण विकास, जनकल्याण और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।
उपायुक्त ने दी विकास योजनाओं में उपलब्धि की जानकारी

स्वास्थ्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां
जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए 26 नए उपस्वास्थ्य केंद्र, 04 BPHU, 02 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा 04 नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कराया जा रहा है। जिले के 41 स्वास्थ्य केंद्रों को National Quality Assurance Standards (NQAS) का प्रमाणन प्राप्त हुआ है।
54 रक्तदान शिविरों के माध्यम से 1,340 थैलेसीमिया एवं अन्य मरीजों को रक्त उपलब्ध कराया गया। E-Sanjeevani के माध्यम से 27,306 मरीजों को ऑनलाइन चिकित्सा परामर्श दिया गया। जिले में अब तक 4,911 दिव्यांगजनों के UDID कार्ड तथा 3,76,063 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। DMFT मद से निःशुल्क लेंसकट सेंटर स्थापित कर 2,853 मरीजों का निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन कराया गया।मुख्यमंत्री असाध्य रोग योजना के तहत इस वर्ष 21 मरीजों के इलाज के लिए ₹91.12 लाख की सहायता दी गई है, जबकि 04 चाइल्ड कैंसर अस्पतालों में 46,924 बच्चों का इलाज कराया गया।
शिक्षा एवं कौशल विकास
शिक्षा विभाग के अंतर्गत प्रारंभिक विद्यालयों के लिए 286 सहायक आचार्यों की पदस्थापना की गई है। 82,653 छात्र-छात्राओं को प्रधानमंत्री पोषण शक्ति योजना का लाभ मिला है। इंटर विज्ञान संकाय में लातेहार जिला राज्य में प्रथम स्थान पर रहा।
जिले के 187 विद्यालयों में ICT एवं स्मार्ट क्लास संचालित किए जा रहे हैं तथा 8 चयनित विद्यालयों में AI एवं STEM Lab की स्थापना की गई है। साथ ही DMFT मद से गुरुकुल में NEET/JEE की तैयारी कराई जा रही है।
सामाजिक सुरक्षा एवं महिला कल्याण
केंद्र प्रायोजित पेंशन योजना के तहत 33,008 लाभुकों तथा राज्य पेंशन योजना के तहत 71,715 पेंशनधारियों को पेंशन का लाभ दिया जा रहा है। झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत जिले के 1,29,375 लाभुकों को अब तक ₹32.3437 करोड़ का भुगतान किया गया है।
नक्सल उन्मूलन एवं पुनर्वास
आत्मसमर्पण नीति के तहत जिले में अब तक 53 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। इस वर्ष आत्मसमर्पण करने वालों में 02 सीपीआई (माओवादी) एवं 01 जेजेएमपी का नक्सली शामिल है। आत्मसमर्पित नक्सलियों के पुनर्वास, आवास, आजीविका एवं अन्य सरकारी सुविधाओं के लिए प्रशासन द्वारा प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
आवास, पोषण एवं आधारभूत सुविधाएं
विकसित भारत–जी राम जी योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में ₹40.28 लाख की लागत से मानव दिवस सृजन का लक्ष्य प्राप्त किया गया है।
आबुआ आवास, PM-JANMAN, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत 85,286 आवासों में से अब तक 68,843 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं।
कल्याण विभाग के माध्यम से छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति एवं साइकिल का लाभ दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत 204 लाभुकों के बीच ₹8.98 लाख का भुगतान किया गया है। PM-JANMAN योजना के तहत आदिम जनजाति ग्रामों में 05 Multi Purpose Centre तथा अन्य योजनाओं के अंतर्गत 05 छात्रावासों का निर्माण कराया जा रहा है।
ग्रामीण आजीविका एवं कृषि
दीनदयाल उपाध्याय–राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 1,12,469 गरीब परिवारों को जोड़ा गया है। स्वयं सहायता समूहों को ₹27.375 करोड़ का बैंक ऋण उपलब्ध कराया गया तथा 30,136 दीदी क्रेडिट कार्ड बनाए गए। 4,427 ग्रामीण युवाओं एवं युवतियों को निःशुल्क प्रशिक्षण दिया गया।
कृषि विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से 12,364 किसानों को लाभान्वित किया गया तथा 1,188 क्विंटल बीज पर अनुदान उपलब्ध कराया गया। ब्लॉक चेन तकनीक के माध्यम से किसानों को भुगतान की पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
पशुपालन एवं मत्स्य क्षेत्र
मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के अंतर्गत 231 लाभुकों को ₹1.012 करोड़ की सहायता राशि हस्तांतरित की गई। जिला गव्य विकास के माध्यम से 448 महिला लाभुकों को लाभान्वित किया गया।
मत्स्य विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिले के 105 प्रशिक्षित मत्स्य बीज उत्पादकों के बीच ₹20.50 करोड़ का मत्स्य स्पॉन वितरित किया गया तथा जलाशयों में मत्स्य स्पॉन का संचयन किया गया।
समाज कल्याण एवं खाद्य सुरक्षा
मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत 68 लाभुकों को ₹20.40 लाख, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत 2,091 तथा विधवा पुनर्विवाह योजना के तहत लाभुकों को सहायता प्रदान की गई। वित्तीय वर्ष 2026-27 में 09 सेविका एवं 18 सहायिका का चयन किया गया।
आपूर्ति विभाग के माध्यम से 1,26,697 परिवारों को PHH योजना, 14,159 परिवारों को अंत्योदय योजना तथा 12,238 परिवारों को अन्य योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। डाकिया योजना के अंतर्गत 3,959 आदिम जनजाति परिवारों को प्रति परिवार 35 किलोग्राम खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है।
जल संरक्षण, सिंचाई एवं सड़क विकास
भूमि संरक्षण विभाग द्वारा जिले में 47 सरकारी/निजी तालाबों का जीर्णोद्धार, 100 परकोलेशन टैंक एवं 13 डीप बोरिंग का कार्य कराया गया। 425 किसानों को इलेक्ट्रिक पंप सेट एवं 17 किसानों को सोलर पंप सेट उपलब्ध कराया गया।
पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के माध्यम से स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत 6,147 घरों में शौचालय तथा जल जीवन मिशन के तहत अमृत सरोवर एवं अन्य योजनाओं के माध्यम से लगभग 1,37,610 घरों को हर-घर नल से जल उपलब्ध कराने का कार्य किया गया है।
पथ प्रमंडल द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 में ₹47.52 करोड़ की लागत से 03 पथ योजनाओं तथा ₹13.21 करोड़ की लागत से 02 पुलों के निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। लघु सिंचाई प्रमंडल द्वारा चेकडैम एवं लघु सिंचाई योजनाओं का निर्माण कराया जा रहा है।
बिजली, पर्यटन एवं भवन निर्माण
विद्युत विभाग के अंतर्गत RDSS एवं MUJY योजनाओं के माध्यम से 227 गांव/टोला का विद्युतीकरण, 11 किलोमीटर LT लाइन एवं 593 किलोमीटर HT लाइन का विस्तार किया गया है तथा 1,774 BPL परिवारों को नया विद्युत कनेक्शन दिया गया है।
पर्यटन विभाग द्वारा लातेहार जिले में नेतरहाट को एग्रो-टूरिज्म हब के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
DMFT मद से वित्तीय वर्ष 2026-27 में ₹36.55 करोड़ की लागत से 103 योजनाओं को स्वीकृति दी गई है। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए स्वास्थ्य केंद्रों में ऑक्सीजन प्लांट, मॉड्यूलर ऑपरेशन कक्ष एवं आधुनिक चिकित्सा मशीनों की स्थापना की जा रही है। स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों की व्यवस्था से अब तक 59,926 आम नागरिकों को लाभ मिला है।
नागरिक सुविधाओं का विस्तार
नगर पंचायत लातेहार में नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए ₹4.62 करोड़ की लागत से सेल्फी प्वाइंट, पी.सी.सी. पथ, हाई मास्ट लाइट एवं तोरण द्वार आदि का निर्माण कराया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत लाभुकों को जल संयोजन से जोड़ा गया है तथा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत लाभुकों को ऋण उपलब्ध कराया गया है।
परिवहन विभाग द्वारा हिट एंड रन मुआवजा मद में ₹1.28 करोड़ का भुगतान किया गया तथा 1,600 आवेदकों को नवसिखिया चालक अनुज्ञप्ति निर्गत की गई।
राजस्व विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 में विभिन्न मदों के अंतर्गत राजस्व संग्रहण के साथ-साथ आपदा प्रभावित लाभुकों को सहायता प्रदान की गई है। विभिन्न परियोजनाओं के लिए अधिग्रहित भूमि के एवज में रैयतों को मुआवजा भुगतान किया गया।
रोजगार, उद्योग एवं पंचायत स्तर पर सेवाएं
उद्योग विभाग द्वारा PM FME योजना के अंतर्गत 60 आवेदकों को ₹3.92 करोड़ का भुगतान किया गया। श्रम विभाग द्वारा 2,141 लाभुकों के बीच ₹1.47 करोड़ तथा झारखंड मुख्यमंत्री असंगठित कर्मकार योजना के तहत 292 लाभुकों को ₹58.05 लाख की सहायता प्रदान की गई।
नियोजन विभाग द्वारा सक्षम झारखंड कौशल विकास योजना के तहत 1,275 युवक-युवतियों को Placed कराया गया है।पंचायत शाखा के माध्यम से लातेहार जिले की 115 पंचायतों में पंचायत ज्ञान केंद्र का संचालन किया जा रहा है। ग्राम पंचायत सचिवालय में पंचायत पुस्तकालय-सह-सूचना केंद्र की स्थापना की गई है।
जिला प्रशासन, लातेहार का संकल्प है कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाया जाए तथा जिले को स्वच्छ, सुरक्षित, समृद्ध और विकसित बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जाए।
80 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कारगिल पार्क पहुंच कर उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक के द्वारा वीर शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया गया।
स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान निर्माताओं को नमन करते हुए जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया है।




