लातेहार पुलिस को बड़ी सफलता, 20 लाख का इनामी रीजनल कमांडर रविंद्र गंझू गिरफ्तार

Sanjay Prajapati @ united palamu

संयुक्त अभियान में AK-56 सहित भारी मात्रा में हथियार व कारतूस बरामद

Latehar : पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने मंगलवार को पुलिस सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि लातेहार पुलिस एवं कोबरा 209 बटालियन, रांची के संयुक्त अभियान में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। अभियान के दौरान प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के रीजनल कमांडर रविंद्र गंझू उर्फ मुकेश गंझू उर्फ सुरेश गंझू को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से AK-56 रायफल, ऑटोमैटिक पिस्टल, राइफल, भारी मात्रा में जिंदा कारतूस तथा अन्य सामग्री बरामद की गई है।

एसपी कुमार गौरव ने बताया कि पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि माओवादी संगठन का रीजनल कमेटी सदस्य रविंद्र गंझू अपने सहयोगियों के साथ बेतर ओपी क्षेत्र के हेसला बांधी टोला, सुगनिया एवं कुंदू के आसपास सक्रिय है। सूचना के सत्यापन के बाद लातेहार पुलिस, सीआरपीएफ एवं कोबरा-209 के जवानों की संयुक्त टीम गठित कर विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान हेसला बांधी टोला के समीप जंगल से रविंद्र गंझू को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक AK-56 रायफल, एक 7.65 एमएम ऑटोमैटिक पिस्टल, एक .315 बोर राइफल, 180 राउंड AK-56 के कारतूस, 12 राउंड पिस्टल के कारतूस, .315 एवं .303 बोर के जिंदा कारतूस तथा एक काले रंग का पाउच बरामद किया गया।

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार माओवादी पर एनआईए द्वारा 5 लाख रुपये तथा झारखंड सरकार द्वारा 15 लाख रुपये, कुल 20 लाख रुपये का इनाम घोषित था। वह पिछले लगभग 30 वर्षों से माओवादी संगठन में सक्रिय रहा है तथा उसके विरुद्ध झारखंड के विभिन्न थानों में 154 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह लेवी वसूली, सुरक्षा बलों पर हमले, विकास कार्यों में बाधा पहुंचाने तथा कई बड़ी नक्सली घटनाओं में शामिल रहा है।

प्रेस वार्ता में बताया गया कि इस सफल अभियान में लातेहार पुलिस, कोबरा-209 बटालियन, सीआरपीएफ एवं SAT-45 के अधिकारियों एवं जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त अभियान में शामिल सभी सुरक्षा बलों को इस उल्लेखनीय सफलता के लिए बधाई दी।

छापामारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारी एवं बल।

कमाण्डेंट सौरभ भटनागर 209 कोबरा बटालियन,दीपक कुमार, उप कमांडेंट कोबरा 209 बटालियन,रितेश कुमार राव पुअनि. सह ओ०पी० प्रभारी बेतर
रितेश तिग्गा पुअनि. बेतर ओ०पी०
सअनि. मजलु कालिन्दी सैट- 45 (प्रभारी)कोबरा – 209 के सशस्त्र बल
सैट -45 के सशस्त्र बल (बेतर ओ०पी०)
आ0-582 राहुल कुमार दुबे,आ0-1309 पियुष पन्ना शामिल थे।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!