शासन-प्रशासन शर्म करो ! बैरिया चौक बना धान का खेत, लोगों ने की धान की रोपाई

United Palamu Reporter

Palamu: पलामू जिले की महत्वपूर्ण सड़कों में शुमार बैरिया चौक इन दिनों बदहाल सड़क और जलजमाव की समस्या को लेकर चर्चा में है। सड़क पर जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढों और जमा पानी से परेशान लोगों ने रविवार को अनोखा विरोध दर्ज कराया। लोगों ने सड़क पर ही धान की रोपाई कर व्यवस्था को आईना दिखाया।

धान रोपाई कर रहे लोगों ने तंज कसते हुए कहा,अब बैरिया चौक चलने लायक नहीं बचा है, अब यहां धान ही रोपने लायक है। उनका कहना था कि सड़क की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि बारिश के बाद गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क और खेत में अंतर करना मुश्किल हो गया है। राहगीरों और वाहन चालकों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। सड़क पर आम लोगों द्वारा की जा रही धान रोपाई शासन प्रशासन के लिए शर्म की बात है।

कई प्रखंडों को जोड़ती है यह अहम सड़क

बैरिया चौक से होकर गुजरने वाली यह सड़क जिले के कई महत्वपूर्ण इलाकों को जोड़ती है। यह मार्ग हुसैनाबाद, छतरपुर, पड़वा, पाटन, विश्रामपुर और हरिहरगंज सहित कई क्षेत्रों के आवागमन का प्रमुख जरिया है। ऐसे में सड़क की बदहाली का सीधा असर हजारों लोगों के रोजमर्रा के आवागमन पर पड़ रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की मरम्मत को लेकर लंबे समय से मांग की जाती रही है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। बारिश में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। सड़क पर बने गड्ढों में पानी भरने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

लोगों ने कहा कि जब सड़क पर वाहन चलाना मुश्किल हो गया है तो मजबूरन उन्हें सड़क को ही ‘खेत’ बनाकर धान रोपना पड़ रहा है। यह सिर्फ विरोध नहीं, बल्कि जिम्मेदार विभाग और जनप्रतिनिधियों के लिए चेतावनी भी है।अब सवाल यह है कि बैरिया चौक की सड़क पर धान की हरियाली देखकर जिम्मेदारों की नींद कब खुलेगी? लोगों को उम्मीद है कि व्यंग्य में किया गया यह विरोध प्रशासन को हकीकत का अहसास कराएगा और जल्द सड़क की बदहाली दूर होगी।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!