Palamu में वज्रपात से धनरोपनी कर रही महिला की दर्दनाक मौत
palamu : पलामू जिले के छत्तरपुर प्रखंड क्षेत्र के चिरु पंचायत अंतर्गत दतटूटा गांव के टोला हेन्हें में गुरुवार को धान रोपने के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आने से संगीता देवी की मौत हो गई।
वह खेत में धान रोपने के दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरने से गंभीर रूप से झुलस गईं। परिजन उन्हें तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल, छतरपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर भेज दिया है।

परिजनों ने बताया कि संगीता देवी अपने पति के साथ बारिश के दौरान धान की रोपनी कर रही थी। इस दौरान उसके पति वहां से हट गए और महिला अकेली धान रोप रही थी। ऐसे में अचानक उस पर आकाशीय बिजली गिर गई और धू-धू कर जलने लगी।
मौके पर मौजूद लोगों ने महिला की आग बुझायी। इसी क्रम में मौके पर महिला ने दम तोड़ दिया। बावजूद उसे इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, छतरपुर ले गए। घटना के बाद से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।



