सितंबर से सिकनी कोलियरी को लेकर चरणबद्ध आंदोलन होगी : रवि डे

Latehar : जिले की लाइफलाइन मानी जाने वाली सिकनी कोलियरी करीब दो वर्षों से बंद है। कोलियरी के बंद रहने से हजारों मजदूरों और इससे जुड़े लोगों के रोजगार पर असर पड़ा है। वहीं, लंबे समय से खनन कार्य बंद रहने के कारण राज्य सरकार को भी राजस्व का नुकसान हो रहा है।

समाजसेवी एवं मजदूर नेता रवि कुमार डे ने कोलियरी बंद रहने के लिए खनिज विकास निगम के अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि दो वर्षों से सिकनी कोलियरी बंद है, लेकिन इसके संचालन को लेकर अधिकारियों की ओर से गंभीर पहल नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि कोलियरी के बंद होने से मजदूर और स्थानीय लोग आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।

मजदूर संघ सिकनी के अध्यक्ष सत्येंद्र यादव ने कहा कि मजदूरों ने दो वर्षों तक कोलियरी खुलने का इंतजार किया, लेकिन अब और इंतजार करना संभव नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कोलियरी को लेकर तरह-तरह की बातें और आश्वासन दिए जा रहे हैं, जबकि हजारों लोग रोजगार के लिए दर-दर भटक रहे हैं।

उन्होंने बताया कि कोलियरी को चालू कराने की मांग को लेकर सितंबर माह से चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा। आंदोलन की रणनीति तय करने के लिए 30 अगस्त को सिकनी कोलियरी परिसर में मजदूरों की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में मजदूरों की समस्याओं और आगामी आंदोलन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!