Gadhwa : भारी बारिश को लेकरन दो दिनों तक स्कूल में अवकाश का आदेश जारी
Ranchi : बंगाल की खाड़ी, गंगा के पश्चिमी बंगाल और उत्तरी तटीय ओडिशा के ऊपर बने निम्न दबाव के असर से राज्य में हो रही भारी बारिश के कारण पलामू प्रमंडल में रविवार से लगातार बारिश हो रही है। मंगलवार को भी क्षेेत्र में पूरे दिन बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार पलामू में पिछले 24 घंटों के दौरान शाम पांच बजे तक 46 मिलीमीटर बारिश हुई। इससे पहले सोमवार को 87 मिलीमीटर बारिश हुई थी।
02 सितंबर को पलामू के अलावा गढवा, चतरा, लातेहार, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसे देखते हुए गढ़वा जिले में दो दिन तक स्कूल में अवकाश घोषित किया गया हैै।इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी के कार्यालय से निर्देश जारी किया गया है।

निर्देश में कहा गया है कि 31 अगस्त को भारी बारिश के कारण जिले के शहरी और ग्रामीण विद्यालयों में पानी जमाव होने से पूरे परिसर और कमरों में पानी भर गया था और आवागमन बाधित होने की सूचना मिली थी। इस बीच आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से दो एवं तीन सितंबर को भारी बारिश की चेतावनी के कारण गढ़वा जिला रेड जोन में रखा गया है। इसे देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर अगले दो दिनों तक स्कूलों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है। इस दौरान शिक्षक विद्यालय में उपस्थित रहकर गैर शैक्षणिक कार्य करेंगे।
इधर, तीन दिन से लगातार हो रही बारिश ने पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र की व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। शहर के कई प्रमुख मार्गों और मुहल्लों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। सड़क पर कई जगह पानी जमा होने के कारण पैदल चलना मुश्किल हो गया है। वहीं, सड़क से गुजरने वाले छोटे-बड़े वाहनों के पहियों से उछलता गंदा पानी राहगीरों के कपड़ों पर पड़ रहा है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इधर, रांची के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने मंगलवार को बताया कि बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मानसूनी गर्त और चक्रवाती परिसंचरण के कारण वायुमंडल में लगातार प्रचुर मात्रा में नमी की आपूर्ति हो रही है। इसी वजह से रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है। आगामी दिनों में भी यह स्थिति बनी रहेगी।




