मजबूत ब्रांड बनेगा पलास ! झारखंड के ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने की घोषणा
Ranchi : मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने प्रोजेक्ट भवन में मंगलवार को झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) और पलाश ब्रांड के कार्यों की समीक्षा की। बैठक में महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और पलाश को मजबूत ब्रांड के रूप में विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि झारखंड की महिलाओं के हुनर और मेहनत को बाजार से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और मार्केटिंग को बेहतर बनाते हुए उनके लिए व्यापक बाजार उपलब्ध कराया जाए।

इस अवसर पर मंत्री दीपिका पांडेय ने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों को केवल आजीविका का माध्यम नहीं, बल्कि स्थायी उद्यम और आर्थिक सशक्तिकरण की मजबूत इकाई के रूप में विकसित करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने पलाश को एक सशक्त, विश्वसनीय और बाजार में पहचान रखने वाले ब्रांड के रूप में स्थापित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया।
बैठक में उत्पादों की गुणवत्ता सुधार, आकर्षक पैकेजिंग, प्रभावी ब्रांडिंग, मार्केटिंग रणनीति और बाजार तक पहुंच बढ़ाने सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा हुई। साथ ही समूहों के उत्पादों को व्यापक स्तर पर बाजार से जोड़ने की कार्ययोजना पर भी अधिकारियों से जानकारी ली गई।
समीक्षात्मक बैठक में मंत्री के अलावे ग्रामीण विकास विभाग के सचिव मनोज कुमार, जेएसएलपीएस के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी अनन्य मित्तल सहित जेएसएलपीएस के वरीय अधिकारी एवं संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।




