जयराम महतो को कोर्ट से झटका, अग्रिम जमानत पर टला फैसला
Ranchi : धनबाद जिला स्थित बरवाअड्डा थाना विवाद मामले में डुमरी विधायक जयराम महतो को मंगलवार को अदालत से फिलहाल राहत नहीं मिली। एमपी/एमएलए कोर्ट के विशेष न्यायाधीश की अदालत में विधायक जयराम महतो समेत सुशील मंडल, महेंद्र साव और राजकुमार मंडल की ओर से दाखिल अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई हुई।
अदालत ने अग्रिम जमानत पर फैसला फिलहाल टालते हुए केस डायरी तलब की है। साथ ही आरोपितों की गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक लगाने से भी इनकार कर दिया।

सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष की ओर से वरीय अधिवक्ता शाहनवाज ने पैरवी करते हुए गिरफ्तारी पर अस्थायी रोक लगाने की मांग की। इसका अपर लोक अभियोजक सत्येंद्र राय ने विरोध किया। दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद अदालत ने केस डायरी प्रस्तुत करने का निर्देश दिया और गिरफ्तारी पर रोक लगाने से इनकार कर दिया।
मामला बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार के बयान पर दर्ज मामले से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त को विधायक जयराम महतो, सुशील मंडल सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि विधायक ने थाना परिसर में पुलिस पदाधिकारियों के साथ गलत व्यवहार किया और अपने समर्थकों से हाजत में बंद गणेश दास को बाहर निकालने के लिए कहा। पुलिस का दावा है कि इस दौरान विधायक के समर्थकों ने थाना परिसर में हंगामा किया और पुलिसकर्मियों के काम में बाधा डाली।
विधायक जयराम महतो सहित अन्य आरोपितों ने पहले प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की थी। सोमवार को इस मामले को सुनवाई के लिए एमपी/एमएलए कोर्ट में स्थानांतरित किया गया था। अब केस डायरी आने के बाद अदालत मामले में आगे की सुनवाई करेगी।




