मेदिनीनगर टाऊन थाना रोड में पार्किंग की व्यवस्था होना बहुत जरूरी : सन्तोष सोनी
मेदिनीनगर के प्रसिद्ध स्वर्ण व्यवसाई संतोष कुमार सोनी ने मेदिनीनगर टाऊन में व्याप्त कई समस्याओं पर रखी अपनी बेवाक राय
Palamu : पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के प्रसिद्ध स्वर्ण व्यवसाई संतोष कुमार सोनी ने कहा कि मेदिनीनगर टाऊन थाना रोड में पार्किंग की व्यवस्था होना बहुत जरूरी है। क्योंकि बाजार क्षेत्र में कहीं भी वाहन खड़ा करने का जगह नहीं है। बाजार क्षेत्र में दर्जनों ऐसी दुकाने हैं, जिसके प्रोपराइटर अपने चार चक्का वाले वाहन से अपना दुकान जाते हैं और आते हैं। ऐसा व्यवसाईयों के द्वारा सुरक्षा के दृष्टिकोण से किया जाता है। जो व्यवसाई अपने चार चक्का वाले वाहन से अपना दुकान जाते हैं, उन्हें वाहन खड़ा करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसलिए व्यवसाई वर्ग के लिए टाउन थाना रोड में एक पार्किंग का होना नितांत जरूरी है।

गांधी मैदान कम खर्च में उपलब्ध होना चाहिए
संतोष कुमार सोनी ने कहा कि गांधी मैदान व्यवसाई वर्ग सहित आम आदमी को कम खर्च में उपलब्ध होना चाहिए। ऐसा होने से व्यावसायिक वर्ग वहां अपने उत्पादों का प्रदर्शनी लगा सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा होने से व्यवसाई वर्ग सहित आम आदमी को भी काफी राहत महसूस होगा। उन्होंने कहा कि गांधी मैदान का अपना एक ऐतिहासिक महत्व है। इस महता को बरकरार रखना हम सभी का दायित्व है।
मेदिनीनगर बाजार क्षेत्र में 3 पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग की
स्वर्ण व्यवसाई संतोष कुमार सोनी ने मेदनीनगर बाजार क्षेत्र में कम से कम तीन पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बाजार क्षेत्र बहुत ही सघन आबादी वाला क्षेत्र है। साथ ही दुकानों की भरमार है। उन्होंने कहा कि मार्केट क्षेत्र में सैकड़ो की संख्या में सोना-चांदी की दुकान है। इन दुकानों के लिए सुरक्षा बेहद जरूरी है।
पूर्व की भांति हो शहर की सफाई
संतोष कुमार सोनी ने कहा कि मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र में हाल के वर्षों में सफाई की व्यवस्था में गिरावट आई है। उन्होंने साफ-साफ कहा कि 2 वर्ष पहले मेदनीनगर शहर में सफाई व्यवस्था चाक चौबंद था। लेकिन अब इसमें काफी कमी आई है। उन्होंने मांग की है कि 2 साल पहले जिस तरह शहर की सफाई होती थी उसी तरह की सफाई व्यवस्था लागू किया जाए।
बिजली का जर्जर तार बदलना बहुत ही जरूरी
संतोष कुमार सोनी ने कहा कि मेदिनीनगर शहर में बिजली की व्यवस्था भी काफी लचर है। यहां बिजली का तार नहीं बल्कि मकड़जाल है। इन सभी तारों को दुरुस्त करना काफी जरूरी है। उन्होंने नगर निगम से मांग की है कि शहर के बिजली तार को दुरुस्त जितना जल्द हो सके किया जाए। उन्होंने कहा कि बिजली की लचार और जर्जर व्यवस्था के कारण हर समय दुर्घटना की भी आशंका बनी रहती है। लोग डरे और सहमे रहते हैं। इसलिए मेदिनीनगर शहर के बिजली व्यवस्था में सुधार होना बहुत जरूरी है।
एमएमसीएच में खत्म हो रेफर सिस्टम
संतोष कुमार सोनी ने कहा कि पलामू प्रमंडल का एमएमसीएच ऐसा हॉस्पिटल है, जहां इलाज के लिए लोग पहुंचते हैं। यहां तीनों ही जिला के लोग आते रहते हैं। पलामू प्रमंडल के पलामू, गढ़वा और लातेहार के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों का इस अस्पताल से काफी लगाव है। लेकिन दुखद पहलू यह है कि यहां थोड़ा सा भी गंभीर बीमारी या दुर्घटना होने पर तुरंत ही रांची रेफर कर दिया जाता है। श्री सोनी ने रेफर सिस्टम को खत्म करने की मांग की। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि आखिर सदर अस्पताल को मेडिकल कॉलेज का दर्जा क्यों दिया गया ? उन्होंने कहा कि जब मेडिकल कॉलेज का दर्जा दे दिया गया है तो रेफर सिस्टम भी खत्म होना चाहिए। संतोष कुमार सोनी ने कहा कि इसके लिए यहां के जनप्रतिनिधियों को भी सजग होना होगा।




