सड़क दुर्घटना में 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत, परिजनों ने जानबूझ कर धक्का मारने का लगाया आरोप
Palamu : नावाबाजार थाना क्षेत्र के कंडा गांव में बुधवार की रात करीब 8:00 अज्ञात वाहन के धक्के से एक 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई।मृत व्यक्ति की पहचान कंडा गांव निवासी स्वर्गीय नागेश्वर साव के पुत्र धर्मेंद्र साव उम्र 55 वर्ष के रूप में की गई है।

इस घटना के बारे में परिजनों ने बताया कि धर्मेंद्र साव बुधवार की शाम कंडा अपने पुराने घर पर गए थे। बुधवार की रात करीब 8:00 बजे वह कंडा अपने नए घर पर लौट रहे थे। इस बीच रास्ते में कंडा गांव सड़क पर अज्ञात वाहन के धक्के से सड़क पर गिरकर वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों के द्वारा उन्हें इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया।जहां इलाज के क्रम में उनकी मौत हो गई। वहीं परिजनों का कहना है कि किसी व्यक्ति के द्वारा मोटरसाइकिल से उन्हें जानबूझकर धक्का मारा गया है। वही इस घटना के बाद से पुलिस घटना से संबंधित मामले की छानबीन में जुट गई है।





