
सड़क किनारे खड़े वाहनों पर परिवहन विभाग की कार्रवाई
Latehar : उपायुक्त लातेहार संदीप कुमार के निर्देशानुसार जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल के नेतृत्व में 26 सितंबर 2026 को चंदवा थाना क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे एवं सड़क पर अवैध रूप से यत्र-तत्र खड़े हल्के एवं भारी वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गयी।
सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग की टीम ने वाहनों की जांच की। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल आठ वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 62,500 रुपये का ई-चालान किया गया।
इस दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया। परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से सड़क पर वाहनों को निर्धारित स्थान पर ही खड़ा करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।





