
चाँपि फीडर में तीन दिनों से बिजली गुल, अंधेरे में हजारों परिवार
Latehar : गारू प्रखंड के चाँपि फीडर क्षेत्र में आंधी-पानी के कारण बिजली का खंभा गिर जाने से पिछले तीन दिनों से बिजली आपूर्ति ठप है। इसके चलते हजारों आदिवासी परिवार अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग अब तक क्षतिग्रस्त खंभे की मरम्मत कर आपूर्ति बहाल नहीं कर पाया है। इससे क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश है।
बिजली जैसी बुनियादी सुविधा के लिए ग्रामीणों को लगातार तीन दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है। इससे बिजली विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के सरकारी दावों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों का सवाल है कि जब एक बिजली के खंभे की मरम्मत कर आपूर्ति बहाल करने में तीन दिन लग रहे हैं, तो निर्बाध बिजली आपूर्ति कैसे सुनिश्चित होगी? ग्रामीणों ने सरकार और बिजली विभाग से अविलंब बिजली बहाल करने तथा इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।
इस संबंध में गारू प्रखंड आजसू पार्टी के अध्यक्ष आशीष सिंह ने कहा कि चाँपि फीडर में तीन दिनों से बिजली आपूर्ति ठप रहना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। एक खंभा गिरने के बाद भी विभाग अब तक बिजली बहाल नहीं कर पाया है, जिससे हजारों आदिवासी परिवारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार को केवल विकास के दावे करने के बजाय धरातल पर लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने बिजली विभाग से तत्काल आपूर्ति बहाल करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि ग्रामीणों की समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो आजसू पार्टी इस मुद्दे को लेकर आवाज बुलंद करेगी।





