चैनपुर के 14 वर्षीय किशोर की कनहर नदी में डूबने से मौत
Palamu : छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज स्थित कनहर नदी में डूबने से चैनपुर थाना क्षेत्र के बंदुआ गांव निवासी 14 वर्षीय किशोर इरशाद मियां की मौत हो गई। वह इश्तियाक मियां उर्फ इनर मियां का पुत्र था। मंगलवार की शाम स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसका शव बरामद किया गया।

पोस्टमार्टम कराकर पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद बंदुआ गांव स्थित कब्रिस्तान में उसे सुपुर्द कर दिया गया। मृतक के पिता इश्तियाक मियां ने बताया कि दशहरा के अवसर पर वह अपने बेटे के साथ गुब्बारे बेचने के लिए रामानुजगंज गए थे। सोमवार की सुबह इरशाद कनहर नदी में नहाने के लिए उतरा था। इसी दौरान नदी के तेज बहाव में बहकर वह डूब गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से काफी प्रयास के बाद मंगलवार की शाम उसका शव बरामद हुआ।
शव मिलने के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।इश्तियाक मियां ने बताया कि उनका परिवार बेहद गरीब है। परिवार का भरण-पोषण करने के लिए पिता और पुत्र दोनों मिलकर गुब्बारे बेचने का काम करते थे।




