
Conclave : पलामू में औद्योगिक विकास की संभावनाओं पर आज 1.30 बजे ज्योति प्रकाश महिला बीएड कॉलेज में होगा परिचर्चा
वित्त मंत्री, सांसद और विधायकगण करेंगे कांक्लेव का उद्घाटन
Palamu : आज 21 दिसंबर रविवार को ज्योति प्रकाश महिला बीएड कॉलेज के प्रांगण में “पलामू में औद्योगिक विकास की संभावनाएं” पर एक कांक्लेव (परिचर्चा) का आयोजन पलामू चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज तथा झारखंड में व्यवसाईयों का शीर्ष संगठन फेडरेशन ऑफ़ झारखंड चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के तत्वाधान में होगा। इस बैठक में कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर तथा सांसद बीडी राम करेंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक शशिभूषण मेहता (जो झारखंड चैंबर के सदस्य भी हैं) विधायक प्रकाश राम लातेहार, विधायक मनिका रामचंद्र राम, प्रथम महापौर मेदिनीनगर श्रीमती अरुणा शंकर तथा झारखंड चैंबर के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा जी होंगे। चेंबर अध्यक्ष ने एक बैठक कर बताया कि झारखंड के बने 25 वर्ष हो गए। हर प्रमंडल में 25 वर्षों की सरकार ने औद्योगिक पार्क या औद्योगिक इकाइयों के बढ़ावे के लिए औद्योगिक क्षेत्र बनाकर कुछ ना कुछ औद्योगिक विकास की संभावनाओं पर कार्य किए हैं। लेकिन हमारा प्रमंडल 25 वर्ष बाद भी वंचित है। हम सबों के इस कॉन्क्लेव का उद्देश्य पलामू प्रमंडल, जो तीन विकसित राज्य उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़ से घिरा है, जहां रोड के कनेक्टिविटी और रेलवे की कनेक्टिविटी भी अच्छी हो गई है, खनिज संपदा से भरा क्षेत्र है। विद्युत की स्थिति पहले से अच्छी हुई है। पानी के लिए कोयल अमानत के अलावे मलय,मंडल डैम है। कोयला प्रचुर मात्रा में है। नक्सलिज्म भी खत्म हुआ है। साथ ही तीन-तीन इंजीनियरिंग कॉलेज से बच्चे पास आउट हो रहे हैं। आईटीआई कॉलेज से बच्चे पास आउट हो रहे हैं। पहले सत्र के 100 डॉक्टर बच्चे हमारे मेडिकल कॉलेज से निकले। हमारे यूनिवर्सिटी से एमबीए और एमसीए बच्चे निकल रहे हैं। प्रचुर मात्रा में लेबर हैं। जिनका रोजगार के अभाव में पलायन हो रहा है। हमारे प्रमंडल में वह सारी संभावनाएं है। जिससे उद्योग लगाने की संभावनाएं है। जीएम लैंड भी हमारे यहां काफी है। फिर भी उद्योग नहीं लग पा रहा है।इसका एकमात्र कारण ईमानदार पहल की कमी है।
विधानसभा में गूंजेगी पलामू की आवाज : आनंद शंकर
चेंबर अध्यक्ष आनंद शंकर ने कहा कि मुझे विश्वास है कि इस कॉन्क्लेव के बाद हमारी आवाज विधानसभा तक गूंजेगी और सकारात्मक प्रभाव होगा। तभी हमारा प्रमंडल खुशहाल होगा। चेंबर अध्यक्ष ने कहा कि इस परिचर्चा में गढ़वा चेंबर ऑफ कॉमर्स, लातेहार चेंबर ऑफ कॉमर्स, स्थानीय व्यावसायिक संघ, डाल्टनगंज चेंबर ऑफ कॉमर्स और मेदिनीनगर चैंबर ऑफ़ कॉमर्स को आमंत्रित किया गया है, जो अपनी बातों को रखेंगे। बैठक में काफी संख्या में सदस्य उपस्थित थे। झारखंड चैंबर के रीजनल उपाध्यक्ष उदय शंकर दुबे ने बताया कि रविवार की बैठक में हमारे नए 51 सदस्य पलामू प्रमंडल से बनेंगे।





