डिप्टी मेयर बने मनोज सिंह, कहा: निगम क्षेत्र को पेयजल संकट से मुक्ति दिलाना उनकी पहली प्राथमिकता
Palamu : मेदिनीनगर नगर निगम के उपमहापौर बने मनोज सिंह। मनोज सिंह का निर्वाचन निर्विरोध सम्पन्न हुआ। इनके निर्विरोध चुनाव में वार्ड 5 की पार्षद श्रीमती नीरा देवी प्रस्तावक बनी। वहीं वार्ड 12 के पार्षद अनूप कुमार सिंह समर्थक रहे। बता दें कि मनोज सिंह वार्ड पार्षद का भी चुनाव निर्विरोध चुने गए हैं। मेदनीनगर नगर निगम के वार्ड 23 से वे निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। मनोज सिंह के निर्विरोध वार्ड पार्षद चुने जाने के बाद से ही ऐसा अनुमान लगाया जा रहा था कि वे निर्विरोध उप मेयर भी बनेंगे, जो सच साबित हुआ। मनोज सिंह को अधिकांश वार्ड पार्षदों ने अपना समर्थन देने की घोषणा किया था। निर्विरोध डिप्टी मेयर बने मनोज सिंह ने बताया कि अब उनका पहला काम होगा निगम क्षेत्र को पेयजल संकट से मुक्ति दिलाना।

डिप्टी मेयर बने मनोज सिंह ने कहा कि जलापूर्ति के लिए सेकेंड फेज का काम नगर निगम क्षेत्र में हो रहा है। इसके तहत सभी वार्ड में पानी का पाइप नहीं बिछाया गया है। इसके लिए एक सर्वे कराया जाएगा। और सभी घरों में पानी का कनेक्शन दिया जाएगा। मनोज सिंह ने कहा कि हर घर और हर गली में पेयजल पहुंचाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। पेयजल की समस्या को सभी वार्ड पार्षद मिलकर समाधान करेंगे। मेदिनीनगर निगम क्षेत्र में ट्रैफिक की समस्या पर अपनी बात रखते हुए मनोज सिंह ने कहा कि बड़े वाहनों का शहर में नो एंट्री रहेगी। जब बड़े वाहन का एंट्री शहर में नहीं होगा तो ट्रैफिक की समस्या अपने आप खत्म हो जाएगी।




