मुठभेड़ में घायल हुए कुख्यात अपराधी फैज खान एमएमसीएच अस्पताल में भर्ती
Palamu : पलामू जिले में शुक्रवार को पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। यह मुठभेड़ पांकी और तरहसी थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके में हुई, जिसमें कुख्यात अपराधी फैज खान के पैर में दो गोलियां लगी ।बताया जा रहा है कि गुरुवार रात मेदिनीनगर शहर स्थित प्राइवेट बस स्टैंड के पास शताब्दी मार्केट में गुडु खलीफा उर्फ समीर खलीफा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में फैज खान और उसके साथियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

घटना के बाद से ही पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी।
इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि फैज खान पांकी–तरहसी इलाके में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस ने सर्च अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान अपराधियों की ओर से फायरिंग शुरू कर दी गई, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। मुठभेड़ के दौरान फैज खान के पैर में दो गोलियां लगीं।जिसके बाद घायल फैज खान को इलाज के लिए मेदिनीनगर के एमएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद एसपी ने अस्पताल पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली और बताया कि फैज खान को पैर में गोली लगी है तथा मामले में आगे की जांच जारी है। वही पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेकर उनसे हत्या के मामले में पूछताछ कर रही है।
गौरतलब है कि फैज खान पलामू के कई संगीन मामलों में आरोपी रहा है। वर्ष 2012 में झारखंड मुक्ति मोर्चा के अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष लड्डू खान की हत्या में वह मुख्य आरोपी है। इसके अलावा भी कई हत्याकांड में उसका नाम सामने आ चुका है।
बता दे कि इस मामले से जुड़े एक आरोपी का वीडियो भी हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। पुलिस ने उसकी सूचना देने वाले को 10 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा भी की थी।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है।
पुलिस की इस कार्रवाई से पलामू की जनता में हर्ष का माहौल है। वही लोग बात करते चल रहे हैं कि अब पलामू पुलिस एक्टिव हो गई है कोई भी अपराधी अपराध कर बच नहीं सकता है।



