गरीब एवं मध्यम वर्ग को बेहतर यात्रा सुविधा देना रेलवे की प्राथमिकता : अश्विनी वैष्णव

New  Delhi रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता गरीब और मध्यम वर्ग को सुरक्षित, सुलभ और आरामदायक यात्रा अनुभव प्रदान करना है। उन्होंने अधिकारियों से इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का आह्वान किया।

रेल भवन में देशभर के रेलवे अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए वैष्णव ने रेलवे परिवार को पिछले वर्ष के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने रेल दुर्घटनाओं में ऐतिहासिक कमी, रिकॉर्ड माल ढुलाई और त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में विशेष ट्रेनों के सफल संचालन को भारतीय रेलवे की छवि में सुधार का प्रमुख कारण बताया।मंत्री ने कहा कि रेलवे स्टेशन जनता के सामने भारतीय रेलवे का चेहरा होते हैं, इसलिए उनकी साफ-सफाई और बेहतर रखरखाव सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने अधिकारियों को यात्री सुविधाओं में सुधार और स्टेशनों के आधुनिकीकरण के लिए आवंटित धन का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए।भीड़ प्रबंधन पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि विशेषकर त्योहारों के समय यात्रियों को बिना किसी असुविधा के प्लेटफॉर्म तक पहुंचने और ट्रेन में सवार होने की सुविधा मिलनी चाहिए। उन्होंने यात्री सुविधा और पहुंच को बेहतर बनाने के लिए योजनाओं को प्राथमिकता देने को कहा।बैठक में रेलवे परियोजनाओं के लिए लंबित भूमि अधिग्रहण के मुद्दे पर भी चर्चा हुई।

मंत्री ने अधिकारियों को प्रक्रिया तेज करने और आवश्यक होने पर राज्यों के अनुभवी सेवानिवृत्त अधिकारियों की सहायता लेने का निर्देश दिया।रेलवे ट्रैक के आसपास रहने वाले लोगों से जुड़े संवेदनशील मुद्दों पर वैष्णव ने कहा कि किसी की आजीविका प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने राज्य सरकारों के साथ समन्वय कर मानवीय दृष्टिकोण अपनाने पर बल दिया।बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जहां संभव हो, रेलवे ट्रैक पार करने के लिए फुट ओवरब्रिज की बजाय सुविधाजनक और सुलभ अंडरपास (पुलिया) को प्राथमिकता दी जाए।

उन्होंने कहा कि अंडरपास अधिक उपयोगकर्ता-अनुकूल होते हैं और आम जनता के लिए ज्यादा उपयोगी साबित होंगे।देश के विभिन्न हिस्सों में ऐसे अंडरपास के निर्माण के लिए पायलट परियोजनाएं शुरू करने का भी निर्णय लिया गया। इनका डिजाइन पैदल यात्रियों के साथ-साथ साइकिल, स्कूटर, मोटरसाइकिल और कुछ स्थानों पर ट्रैक्टर जैसे वाहनों की आवाजाही को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!