
नवपदस्थापित एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ला ने संभाला कार्यभार
Palamu : हुसैनाबाद अनुमंडल में बुधवार को नवपदस्थापित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सह आईपीएस (2022 बैच) दिव्यांश शुक्ला ने विधिवत रूप से कार्यभार ग्रहण किया। इस मौके पर हुसैनाबाद, हैदरनगर समेत विभिन्न थाना क्षेत्रों के थाना प्रभारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।कार्यभार संभालने के बाद श्री शुक्ला ने स्पष्ट शब्दों में अपनी प्राथमिकताएं सामने रखते हुए कहा कि हुसैनाबाद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करना उनकी पहली जिम्मेदारी होगी। उन्होंने कहा कि संगठित अपराध और उग्रवाद पर पूरी तरह नियंत्रण स्थापित कर आम जनता को भयमुक्त वातावरण देना उनका मुख्य लक्ष्य है।

उन्होंने यह भी बताया कि क्षेत्र में चल रही हर तरह की अवैध गतिविधियों पर सख्ती से अंकुश लगाया जाएगा। साथ ही सड़क सुरक्षा को लेकर नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जाएगा, ताकि यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके और दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।श्री शुक्ला ने पुलिस-पब्लिक के बेहतर संबंधों पर जोर देते हुए कहा कि पुलिस को फ्रेंडली बनाकर जनता के साथ भरोसे का रिश्ता मजबूत किया जाएगा।
उनका उद्देश्य हुसैनाबाद को एक सुरक्षित, शांतिपूर्ण और अपराधमुक्त अनुमंडल के रूप में स्थापित करना है।उल्लेखनीय है कि दिव्यांश शुक्ला इससे पहले 19 फरवरी 2025 को प्रशिक्षु अधिकारी के रूप में हैदरनगर थाना प्रभारी रह चुके हैं।
अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण और प्रभावी कार्य किए, जो आज भी क्षेत्र में सराहे जाते हैं। यही अनुभव अब हुसैनाबाद में उनके नेतृत्व को और मजबूत बनाने में सहायक होगा।




