पूर्व नक्सली की पीट-पीटकर हत्या,जांच में जुटी पुलिस

Ranchi : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत दुगुनिया गांव में भाकपा माओवादी से जुड़े रहे एक व्यक्ति की अज्ञात हथियारबंद लोगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है।

मृतक की पहचान दुगुनिया गांव निवासी 32 वर्षीय रमेश चांपिया उर्फ चमड़ा के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, रमेश कभी नक्सली संगठन से जुड़ा हुआ था और नक्सली गतिविधियों के कारण जेल भी जा चुका था। हालांकि जेल से रिहा होने के बाद उसने दोबारा संगठन में लौटने से इनकार कर दिया था। इसके बाद से ही वह संगठन के निशाने पर बताया जा रहा था।

रमेश ने सामान्य जीवन अपनाते हुए डेरुवा-मनोहरपुर सड़क निर्माण कार्य में मुंशी के रूप में काम शुरू कर दिया था और परिवार के साथ शांतिपूर्ण जीवन जी रहा था। लेकिन बीती रात उसकी जिंदगी का दर्दनाक अंत हो गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात करीब चार से पांच की संख्या में हथियारबंद लोग उसके घर पहुंचे और उसे बाहर बुलाकर अपने साथ ले गए। इस दौरान उसकी पत्नी ने विरोध किया और उनका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन आरोपितों ने उसे धमकाकर वापस भेज दिया।

इसके बाद हमलावर रमेश को घर से लगभग 500 मीटर दूर एक सुनसान स्थान पर ले गए, जहां उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। बताया जा रहा है कि उसके शरीर के संवेदनशील हिस्सों पर भी गंभीर वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपित शव को मुख्य सड़क पर फेंककर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।

शनिवार सुबह जब ग्रामीणों की नजर सड़क पर पड़े शव पर पड़ी, तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही गोइलकेरा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही इलाके में सघन छापेमारी अभियान भी चलाया जा रहा है।

पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि हत्या हुई है, लेकिन यह पूरी तरह नक्सली घटना है या किसी अन्य कारण से अंजाम दी गई है, इसकी जांच की जा रही है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!