
हजारीबाग में पत्रकार के साथ मारपीट लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला : रवि डे
Latehar : झाविस नेता सह समाजसेवी रवि कुमार डे ने हजारीबाग में पत्रकार के साथ हुई मारपीट की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण एवं निंदनीय बताया है। उन्होंने कहा कि दोषियों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।उन्होंने कहा कि वे शुरू से ही सरकार से पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग करते रहे हैं और आगे भी इस कानून को लागू कराने के लिए आवाज बुलंद करते रहेंगे।रवि डे ने कहा कि पत्रकार अपनी जान जोखिम में डालकर समाचार एकत्रित करते हैं और उसे समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। इस जोखिम भरे कार्य के दौरान कई बार पत्रकारों को अपनी जान भी गंवानी पड़ती है।उन्होंने कहा कि भारत जैसे बड़े लोकतांत्रिक देश में पत्रकारों को लोकतंत्र का चौथा और मजबूत स्तंभ माना जाता है। जो लोग लोकतंत्र का सम्मान नहीं करते, वही पत्रकारों का अपमान करते हैं। ऐसे व्यक्तियों को कानून उचित सजा देने का कार्य करता है।उन्होंने कहा कि वे पत्रकारों के हर आंदोलन में शामिल रहे हैं और आगे भी कदम से कदम मिलाकर उनके साथ चलने का कार्य करेंगे।




