
पांकी में मवेशी चोरी : स्कॉर्पियो में लादकर दो गाय ले उड़े चोर
माँ शुभावती पंप के समीप रात 1:30 बजे की वारदात CCTV में कैद, पांकी बाजार की ओर फरार
PALAMU : पलामू जिला अंतर्गत पांकी प्रखंड क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बीती रात करीब 1:30 बजे चोरों ने दुस्साहस दिखाते हुए माँ शुभावती पंप के समीप से दो गायों की चोरी कर ली। बताया जा रहा है कि चोर स्कॉर्पियो वाहन से पहुंचे और दोनों गायों को वाहन में लादकर पांकी बाजार की ओर फरार हो गए।

इस पूरी घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें चोरों की गतिविधियां साफ देखी जा सकती हैं। फुटेज में स्पष्ट है कि चोर सुनियोजित तरीके से आए थे और बेहद तेजी से वारदात को अंजाम देकर मौके से निकल गए।
ज्ञात हो कि हाल ही में क्षेत्र में एक जेवर दुकान में चोरी की घटना भी सामने आई थी, जिसके बाद अब मवेशी चोरी ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। इस घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाई जाए और चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।




