
जेजेएमपी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: दो उग्रवादी हथियार के साथ गिरफ्तार, शंकर राम फरार
sanjay prajapati @ united palamu
लातेहार: नक्सलियों के खिलाफ पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन झारखंड जनमुक्ति परिषद (जेजेएमपी)के दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है।इसे लेकर आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिले के पुलिस कप्तान कुमार गौरव ने प्रेस वार्ता का आयोजन कर पत्रकारों को बताया कि हमें गुप्त सूचना मिली थी कि प्रतिबंधित नक्सली संगठन जेजेएमपी के शंकर राम अपने दस्ता सदस्यों के साथ कुरुमखेता जंगली क्षेत्रों में भ्रमणशील है और किसी नक्सली घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा हैं। जिसके बाद मनिका थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास, छिपादोहर थाना प्रभारी यकिन अंसारी तथा सैट एवं जिला बल के द्वारा छापामारी टीम के द्वारा कुरुखेता जंगल में सघन छापामारी किया गया। छापामारी के क्रम में कुरुखेता जंगल में पूर्व से इक्ट्ठा हुई जेजेएमपी उग्रवादी संगठन के नक्सली पुलिस बल को आते देख ईधर उधर भागने का प्रयास करने लगे।भागने के क्रम में सशस्त्र बल के सहयोग से दो जेजेएमपी उग्रवादीयों को हथियार के साथ खदेड़कर पकडा गया तथा शंकर राम एवं अन्य उग्रवादी भागने में सफल रहे।पकड़ायें नक्सलियों से पूछताछ में अपना नाम 1. मनोज लोहरा उम्र करीब 26 वर्ष पिता भुनेश्वर लोहरा ग्राम जोबला, पंचायत ताल, थाना पांकी, जिला पलामू एवं 2. महादेव सिंह उम्र 24 वर्ष पे० स्व० आदर सिंह ग्राम सिमरियाटांड थाना जिला लातेहार बताये।
पकडाये नक्सली मनोज लोहरा के पास से एसएलआर रायफल, मैगजीन, गोली, मोबाईल एवं अन्य समान तथा महादेव सिंह के पास पास एक एसएलआर रायफल, मैगजीन, गोली, मोबाईल एवं अन्य समान को बरामद किया गया। महादेव के पास एसएलआर रायफल व अन्य सामान बरामद।छापामारी के क्रम में आगे बढ़ने पर झाडी में से एके 47 रायफल, मैगजीन, गोली, मोबाईल, वायरलेश से तथा अन्य समानों को बरामद किया गया है। वहीं शंकर राम एवं अन्य जेजेएमपी उग्रवादी के विरुद्ध छापामारी की जा रही है।छापामारी दल में मनिका थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास, छिपादोहर थाना प्रभारी यकिन अंसारी, सैट 42 कुमण्डीह पिकेट के सशस्त्र बल, सैट 137 आईआरबी-04 छिपादोहर के सशस्त्र बल और मनिका थाना रिजर्व गार्ड के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।





