सेवानिवृत्त डीजे संजय कुमार दुबे को अधिवक्ता एवं लोक अभियोजकों ने दी भावभीनी विदाई

Sanjay prajapati @ united palamu

लातेहार : व्यवहार न्यायालय, लातेहार में पदस्थापित अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वितीय संजय कुमार दुबे के सेवानिवृत्त होने पर शनिवार को अधिवक्ता सुनील कुमार, लोक अभियोजक लातेहार शिवशंकर राम तथा पूर्व लोक अभियोजक एवं वर्तमान लोक अभियोजक चाईबासा ओम कुमार ने उन्हें भावभीनी विदाई दी।इस अवसर पर उनके आवास पहुंचकर पुष्पगुच्छ भेंट किया गया तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

श्री दुबे न्यायिक सेवा में अपनी निष्पक्षता, कार्यकुशलता एवं त्वरित न्याय प्रदान करने की कार्यशैली के लिए जाने जाते रहे हैं। अपने लंबे न्यायिक जीवन में उन्होंने विभिन्न जिलों में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करते हुए न्यायपालिका की गरिमा को बनाए रखने में उल्लेखनीय योगदान दिया।लातेहार में अपने कार्यकाल के दौरान भी उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष ध्यान दिया। सेवा के अंतिम माह में निर्धारित 37 मामलों के लक्ष्य के विरुद्ध 51 मामलों का निष्पादन कर उन्होंने अपनी कार्यनिष्ठा और समर्पण का परिचय दिया।

विदाई के अवसर पर अधिवक्ता सुनील कुमार ने कहा कि संजय कुमार दुबे एक कर्मठ, विद्वान एवं न्यायप्रिय न्यायिक अधिकारी रहे हैं। उनके अनुभव, अनुशासन और कार्यशैली से न्यायिक परिवार को सदैव प्रेरणा मिलती रहेगी।

लोक अभियोजक शिवशंकर राम ने कहा कि श्री दुबे ने सदैव विधि सम्मत, निष्पक्ष एवं समयबद्ध न्याय को प्राथमिकता दी। उनके न्यायिक निर्णयों और कार्य संस्कृति से अधिवक्ताओं एवं अभियोजन पक्ष को भी सीखने का अवसर मिला है।

पूर्व लोक अभियोजक एवं वर्तमान लोक अभियोजक चाईबासा ओम कुमार ने कहा कि श्री दुबे का न्यायिक जीवन युवा विधि व्यवसायियों और न्यायिक अधिकारियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी सादगी, विद्वता एवं कर्तव्यनिष्ठा लंबे समय तक स्मरणीय रहेगी।इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने श्री दुबे को सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए उनके सुखद, स्वस्थ एवं सफल जीवन की कामना की।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!