
प्रेम प्रसंग में गजब का ड्रामा, 60 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर चढ़ी युवती, काफी मसकत के बाद उतारी गई
Ranchi : Jharkhand के पूर्वी सिंहभूम जिले के धालभूमगढ़ प्रखंड अंतर्गत नूतनगढ़ पंचायत के घोषदा गांव में बीते शनिवार को प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। एक युवती अपने प्रेमी के घर से लौटने के बाद करीब 60 फीट ऊंचे डीवीसी के हाईटेंशन टावर पर चढ़ गई, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। टावर से 1.32 लाख केवी क्षमता की विद्युत लाइन गुजरने के कारण किसी भी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई थी।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी धीरज कुमार मिश्रा, बीडीओ बबली कुमारी, पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर बिजली आपूर्ति बंद कराई गई और युवती को नीचे उतारने की कवायद शुरू की गई।
जानकारी के अनुसार, गांव की पानो मांडी और विवाहित युवक विश्वनाथ टुडू के बीच पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध है। शनिवार सुबह युवती जब युवक के घर पहुंची तो परिजनों ने उसे वहां से लौटा दिया। इससे आहत होकर वह टावर पर चढ़ गई।
करीब ढाई घंटे तक समझाने-बुझाने और दोनों पक्षों से बातचीत के बाद विश्वनाथ टुडू ने युवती को साथ रखने का आश्वासन दिया। इसके बाद वह सुरक्षित नीचे उतर आई। पुलिस दोनों को थाना ले गई, जहां दोनों ने बंधपत्र पर हस्ताक्षर किए। ग्राम प्रधान सनातन हांसदा ने बताया कि मामले पर सामाजिक स्तर पर भी जल्द बैठक की जाएगी।


