
संत मरियम स्कूल में एडवांस समर मार्शल आर्ट्स कैंप का हुआ समापन
Palamu : संत मरियम स्कूल में पलामू मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स टाइगर्स एकेडमी के तत्वावधान में आयोजित एडवांस समर मार्शल आर्ट्स कैंप का समापन समारोह संपन्न हुआ। यह दस दिवसीय कैंप 21 मई से 31 मई तक आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लेकर विभिन्न मार्शल आर्ट्स एवं शारीरिक प्रशिक्षण की बारीकियां सीखीं।
कैंप के दौरान बच्चों को तैराकी, जिम्नास्टिक, लॉन्ग स्टिक, शॉर्ट स्टिक, साई, तलवार, नन-चाक, थ्री स्टार नन-चाक, ग्रुप फाइट, पंच, काता, ब्रेकिंग, जंप किक, फ्लाइंग किक, योग-प्राणायाम तथा वाटर ट्रेनिंग सहित कई महत्वपूर्ण विधाओं का प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण का नेतृत्व मुख्य मार्शल आर्ट्स प्रशिक्षक क्योशी संतोष कुमार ने किया। उनके साथ शिहान अजय कुमार, शिहान अभिषेक कुमार, शिहान संजय कुमार पासवान, सेन्साई नटवर पांडेय, सेन्साई प्रिंस कुमार, सेन्साई उज्ज्वल कुमार, सेन्साई श्रीकांत, सेन्साई गोल्डी कुमारी, सेन्साई चांदनी कुमारी, सेन्साई कल्पना कुमारी, सेन्साई संध्या कुमारी एवं सेन्साई गुनगुन प्रिया ने बच्चों को प्रशिक्षण प्रदान किया।
समापन समारोह का आयोजन संत मरियम हॉस्टल, नावाटोली में किया गया। इस अवसर पर बच्चों के बीच हेल्दी फ्रूट ईटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के चेयरमैन अविनाश देव थे।

अपने संबोधन में अविनाश देव ने कहा कि गर्मी की छुट्टियों में इस प्रकार के समर कैंप बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। ऐसे प्रशिक्षण शिविर बच्चों के मानसिक एवं शारीरिक विकास को बढ़ावा देते हैं और उन्हें स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन जीने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि बच्चों को मोबाइल फोन से दूर रखकर अधिक से अधिक आउटडोर खेलों एवं मार्शल आर्ट्स जैसी गतिविधियों से जोड़ना चाहिए।

उन्होंने कहा कि दस दिनों के इस शिविर में बच्चों ने जो तकनीकें और अनुशासन सीखा है, उसे अपने जीवन में अपनाकर वे आत्मविश्वासी एवं सशक्त नागरिक बन सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मार्शल आर्ट्स की विभिन्न विधाओं का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। अंत में मुख्य अतिथि द्वारा कैंप में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।




