
बटाने नदी में डूबने से किशोर की मौत, गांव में पसरा मातम
Palamu : पलामू जिला स्थित हरिहरगंज थाना क्षेत्र के सुल्तानी गांव के समीप सोमवार को बटाने नदी में स्नान करने के दौरान डूबने से एक किशोर की मौत हो गयी. मृतक की पहचान सुल्तानी गांव निवासी बिंदा सिंह के नाती तथा हुसैनाबाद के पोलडीह (गजनाधाम) निवासी संतोष सिंह के 14 वर्षीय इकलौते पुत्र किशन कुमार सिंह के रूप में की गयी है.

जानकारी के अनुसार किशन दो दिन पूर्व अपने नाना के घर सुल्तानी गांव आया था. सोमवार पूर्वाह्न करीब 10 बजे वह गांव के चार-पांच दोस्तों के साथ बटाने नदी के सतबहिनी घाट पर स्नान करने गया था. स्नान के दौरान वह नदी के गहरे पानी वाले हिस्से में चला गया और डूबने लगा. साथ रहे दोस्तों ने शोर मचाकर परिजनों व ग्रामीणों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद किशोर को नदी से बाहर निकाला. इसके बाद उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. घटना की पुष्टि सरसोत पंचायत के मुखिया विनय कुमार सिंह ने की है.
घटना की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. इकलौते पुत्र की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. गांव में भी शोक का माहौल है. सूचना मिलने पर सरसोत पंचायत के मुखिया विनय कुमार सिंह समेत कई जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।




