
पोखराहा में सड़क जाम, सड़क दुर्घटना में वृद्ध की मौत के बाद ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
Palamu : मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के पोखराहा गांव में गुरुवार की दोपहर हाइवा और स्कूटी के बीच हुई भीषण टक्कर में स्कूटी सवार चालक की मौत हो गई।घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर फरार होने का प्रयास कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताने लगे।
सूचना मिलने पर सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। वहीं अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर स्थिति को सामान्य करने का प्रयास शुरू किया।ग्रामीणों ने बताया कि पोखराहा क्षेत्र में लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। दो दिन पूर्व भी इसी इलाके में हुए एक सड़क हादसे में गढ़वा जिले के रमकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत उदयपुर पंचायत के नावाडीह गांव निवासी 60 वर्षीय नागेश्वर तिवारी की मौत हो गई थी।
बता दें कि लगातार हो रही दुर्घटनाओं से लोगों में पहले से ही नाराजगी थी, जिसके कारण इस घटना के बाद उनका आक्रोश और बढ़ गया। गुरुवार को हुई सड़क दुर्घटना में मृतक की पहचान पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र के करार गांव निवासी मजीद आलम उर्फ गोल्डन के रूप में हुई है।घटना के बाद से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा सड़क जाम हटाने का प्रयास जारी हैं।




