
पशुओं को बीमारियों से बचाने हेतु पशु सखी दीदियों को दिया गया प्रशिक्षण
Latehar: बारियातू प्रखंड मुख्यालय स्थित पशु चिकित्सालय परिसर में जिला पशुपालन पदाधिकारी लातेहार के निर्देश पर बरसात में पशुओं को होने वाले विभिन्न संक्रमण रोग से बचाव को लेकर सोमवार को सभी पशु सखी दीदियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण में बरसात के मौसम में पशुओं को होने वाली विभिन्न संक्रामक बीमारियों की रोकथाम एवं टीकाकरण अभियान की जानकारी दी गयी।पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुशीला बागे ने बताया कि जिला पशुपालन पदाधिकारी के निर्देश पर प्रखंड की पशु सखी दीदियों को खुरहा-चपका समेत अन्य संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए टीकाकरण संबंधी प्रशिक्षण दिया गया।
साथ ही अभियान के लिए आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराई गयी। उन्होंने आगे बताया कि एक जुलाई से 45 दिवसीय विशेष टीकाकरण अभियान प्रखंड के सभी गांवों में चलाया जाएगा ।अभियान के तहत गाय, बैल, भैंस, पड़वा, पड़िया, बकरी, बकरा सहित अन्य पशुओं का टीकाकरण कर उन्हें विभिन्न संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित किया जायेगा।
प्रशिक्षण में बिनोद बैठा, चांदनी देवी, सुनीता देवी, ललिता देवी, फूलमती देवी, सोनी देवी, रीना देवी सहित कई पशु सखी दीदियां उपस्थित थीं।




