Palamu : अलग-अलग सड़क दुर्घटना में महिला सहित दो घायल
Palamu : पलामू जिले में दो अलग-अलग दुर्घटना में महिला सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।पहली घटना हैदरनगर थाना क्षेत्र के बहेरा गांव का है।बहेरा गांव में बाइक पर पीछे बैठी महिला बेहोश होकर गिर पड़ी और गंभीर रूप से घायल हो गई।

घायल महिला की पहचान नवीनगर थाना क्षेत्र के चनरगढ़ गांव निवासी स्वर्गीय अर्जुन साव की पत्नी कमला देवी उम्र 40 वर्ष के रूप में की गई है। इस घटना के बारे में परिजनों ने बताया कि शनिवार की शाम कमला देवी अपने ससुराल चनरगढ़ से एक व्यक्ति के साथ बाइक पर सवार होकर अपने मायके हैदरनगर थाना क्षेत्र के रामबांध गांव जा रही थी।इसी बीच रास्ते में बहेरा गांव के पास बेहोश होकर बाइक से गिरकर वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों के द्वारा घायल महिला कमला देवी को इलाज के लिए हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया।जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।जहां इलाज के बाद भी महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
वहीं दूसरी घटना छतरपुर थाना क्षेत्र का है।छतरपुर थाना क्षेत्र के अर्जुनडीह गांव निवासी सहबजान अंसारी उम्र 42 वर्ष बीती रात सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बारे में घायल सहबजान अंसारी ने बताया कि शनिवार की रात करीब 8:00 बजे वह अपने घर से बाइक पर सवार होकर नबीनगर अपने रिश्तेदार के घर शादी समारोह में जा रहे थे।इसी बीच रास्ते में छतरपुर मसीहानी गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी।जिसमें बाइक से गिरकर वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों के द्वारा घायल सहबजान अंसारी को इलाज के लिए छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया।जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेदनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। जहां इलाज के बाद भी उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। वहीं घटना के बाद दोनों घायलों के परिजन अस्पताल पहुंचकर अपने देखरेख में इलाज करवा रहे हैं।



