Dedicated Premier School में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
Palamu : डेडीकेटेड प्रीमियर स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह एवं भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के जूनियर विंग के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने विभिन्न आकर्षक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया और पूरे विद्यालय परिसर को कृष्णमय बना दिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बच्चों का राधा और कृष्ण के मनमोहक परिधानों में सजकर विद्यालय आना रहा। कोई नन्हा बालक भगवान श्रीकृष्ण के रूप में बांसुरी और मुकुट धारण किए हुए था, तो नन्ही बालिकाएं राधा रानी के सुंदर एवं आकर्षक स्वरूप में सजी हुई थीं,कोई बलराम बन कर,कोई सुदामा बन कर आए। बच्चों की मनमोहक वेशभूषा और उनकी मासूम मुस्कान ने सभी का मन मोह लिया।

मटकी फोड़ प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
जन्माष्टमी के अवसर पर विद्यालय के मिडिल सेक्शन के विद्यार्थियों के लिए मटकी फोड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ इस प्रतियोगिता में भाग लिया। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप एवं उनकी बाल लीलाओं से भी परिचित कराया गया।

रंग-बिरंगे परिधान और मोर पंख ने बढ़ाई शोभा
बच्चों ने बड़े उत्साह के साथ मोर पंख भी लगाए और श्रीकृष्ण से संबंधित विभिन्न प्रतीकों के माध्यम से इस पावन पर्व की सुंदरता को और बढ़ाया। रंग-बिरंगे परिधानों और मोर पंखों से सजे बच्चे विद्यालय परिसर की शोभा बढ़ा रहे थे। चारों ओर उत्सव, उमंग और भक्ति का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।

प्रभारी प्राचार्या डॉ. श्वेता कुमारी ने पुरस्कार देकर बच्चों को किया सम्मानित
इस अवसर पर आयोजित विभिन्न गतिविधियों एवं वेशभूषा प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रत्येक कक्षा के प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्कूल की प्रभारी प्राचार्या डॉ. श्वेता कुमारी द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।पुरस्कार प्राप्त कर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस सम्मान ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया तथा अन्य विद्यार्थियों को भी भविष्य में विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

भगवान श्रीकृष्ण का जीवन
सत्य, प्रेम, मित्रता और धर्म के मार्ग पर चलने की देता है प्रेरणा
इस अवसर पर स्कूल की प्रभारी प्राचार्या डॉ. श्वेता कुमारी ने बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें सत्य, प्रेम, कर्तव्य, साहस, मित्रता और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने बच्चों को श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, उनके आदर्शों तथा जीवन में उनके द्वारा दिए गए महत्वपूर्ण संदेशों से अवगत कराया।
विद्यालय परिवार ने इस प्रकार के आयोजनों को बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। ऐसे सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रम बच्चों को अपनी भारतीय संस्कृति, परंपराओं और महान आदर्शों से जोड़ने का कार्य करते हैं।

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की दी हार्दिक शुभकामनाएं
कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार ने मिलकर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के इस पावन पर्व को उत्साहपूर्वक मनाया और सभी को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।



