Gadhwa: 10 लाख रुपए नकद, 4 चारपहिया वाहन, 4 बाइक और 8 मोबाइल फोन के साथ जुआ खेल रहे 8 जुआरी अरेस्ट
Gadhwa : गढ़वा पुलिस ने नगर उंटारी थाना क्षेत्र के ठरका गांव स्थित सुरंगही बांध के समीप संचालित जुए के अड्डे पर छापेमारी करते हुए आठ जुआरियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने मौके से साढ़े 10 लाख रुपए नकद, चार चारपहिया वाहन, चार बाइक, आठ मोबाइल फोन, एक बैग, दरी और ताश के पत्ते बरामद किए हैं।गिरफ्तार सभी जुआरी मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह ने बताया कि सोमवार को पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि नगर उंटारी थाना क्षेत्र के अहिपुरवा गांव निवासी प्रदीप डोम अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर ठरका गांव के सुरंगही बांध के समीप बाहर से लोगों को बुलाकर जुआ खिलवा रहा है। बताया गया कि अधिक लाभ कमाने का प्रलोभन देकर लोगों को जुए के लिए बुलाया जाता था।सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर डीएसपी मुख्यालय यशोधरा के नेतृत्व में क्यूआरटी टीम का गठन किया गया।
छापेमारी से मचा हड़कंप
क्यूआरटी टीम और बंशीधर नगर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से बताए गए स्थान पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही जुआ खेल रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि पुलिस टीम ने मौके से आठ जुआरियों को पकड़ लिया। एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार जुआरियों के विरुद्ध बंशीधर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।





