Husenabad : सर्पदंश से 55 वर्षीय सूरज रजवार की मौत, तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा दादा का साया
पिता की तीन साल पहले ट्रेन में हो चुकी है मौत, मां ने भी की दूसरी शादी, अब बेसहारा हुए तीनों बच्चे
Palamu : राजनडीह गांव निवासी 55 वर्षीय सूरज रजवार की सर्पदंश से मौत हो गई। घटना 3 सितंबर की रात करीब दो बजे की बताई गई है। सर्पदंश के बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद ले गए, जहां गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए गढ़वा रेफर कर दिया।

परिजनों के अनुसार, एंबुलेंस नहीं मिलने और आर्थिक परेशानी के कारण उन्हें समय पर रेफर अस्पताल नहीं ले जाया जा सका। गढ़वा सदर अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही शाम करीब चार बजे उनकी मौत हो गई।
शव को घर लाने के बाद शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे चौकीदार श्रीराम के माध्यम से थाना को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई बुद्धू उरांव एवं मुंशी ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए हुसैनाबाद भेजा। पोस्टमार्टम के बाद कोयल नदी तट पर शव का अंतिम संस्कार किया गया।
सूरज रजवार मजदूरी और बकरी पालन कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी फुलवा देवी और तीन छोटे पोते-पोतियां हैं। इनमें एक पोता आठ वर्ष का तथा दो पोतियां पांच और तीन वर्ष की हैं। पत्नी फुलवा देवी भी काम करने में असमर्थ हैं।
परिजनों ने बताया कि सूरज रजवार के पुत्र विष्णु रजवार की करीब तीन वर्ष पूर्व अहमदाबाद से घर लौटने के दौरान ट्रेन में मौत हो गई थी। इसके बाद विष्णु की पत्नी शैंपू देवी ने दूसरी शादी कर ली और तीनों बच्चों को छोड़ दिया। अब सूरज रजवार की मौत के बाद तीनों बच्चे पूरी तरह बेसहारा हो गए हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर मुखिया कमला देवी, पंचायत समिति सदस्य ममता देवी, वार्ड सदस्य गीता देवी, पूर्व उपमुखिया सह राजद युवा अध्यक्ष सिद्धार्थ कुमार, गणेश प्रसाद मेहता सहित ग्रामीणों ने शोक व्यक्त किया और परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
विधायक संजय कुमार सिंह, राजद प्रखंड अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि डॉ. पाचू रजवार, सांसद प्रतिनिधि महेंद्र सिंह एवं जिला परिषद प्रतिनिधि अश्वनी कुमार सिंह को भी घटना की सूचना दी गई। सभी ने शोक व्यक्त करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। वहीं अंचल अधिकारी रणवीर कुमार ने नियमानुसार आपदा राहत की राशि जल्द उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।




