Jharkhand : धनबाद के सबसे बड़े सर्जिकल आईसीयू में बिजली गुल होने से महिला मरीज की मौत
Ranchi : धनबाद के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल यानी एसएनएमएमसीएच में रविवार को बिजली व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए। अस्पताल के इमरजेंसी स्थित सर्जिकल आईसीयू में करीब आधे घंटे तक बिजली गुल रही। इसी दौरान 48 वर्षीय आदिवासी महिला मरीज पानमुनि देवी की मौत हो गई।
मृतका गिरिडीह जिले की रहने वाली थीं और शनिवार को जहरीले सांप के काटने के बाद गंभीर हालत में एसएनएमएमसीएच रेफर की गई थीं।

परिजनों का आरोप है कि बिजली गुल होने के कारण आईसीयू में लगे जरूरी मेडिकल उपकरण बंद हो गए और मरीज की हालत बिगड़ गई। हालांकि, महिला की मौत सीधे तौर पर बिजली कटने से हुई या उनकी पहले से गंभीर चिकित्सकीय स्थिति इसकी वजह बनी, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
वहीं अस्पताल प्रबंधन ने बताया है कि करीब एक सप्ताह से जनरेटर खराब है, जिसकी वजह से बिजली कटने के दौरान बैकअप की समस्या सामने आ रही है।
बता दें कि गिरिडीह की रहने वाली 48 वर्षीय पानमुनि देवी को शनिवार को जहरीले सांप ने काट लिया था। महिला के पुत्र महेश सोरेन ने बताया कि पहले उनका इलाज गिरिडीह के एक निजी अस्पताल में कराया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्हें धनबाद के एसएनएमएमसीएच रेफर कर दिया गया।
एसएनएमएमसीएच पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें इमरजेंसी के सर्जिकल आईसीयू में भर्ती किया था।




