Jharkhand में बारिश थमते ही बढ़ा उमस, 10 तक येलो अलर्ट
Ranchi : राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में बारिश के थमते ही गर्मी और उमस में वृद्धि हुई है। पिछले 24 घंटों के दौरान रांची में 95 प्रतिशत उमस रिकॉर्ड किया गया। कमोबेश यही स्थिति राज्य के अन्य शहरों की भी रही।
इधर, मौसम विभाग ने 10 सितंबर तक राज्य भर में गर्जन के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना व्यक्त की है।इसे लेकर विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश गोड्डा जिले के बोआरीजोर में 18.4 मिलिमीटर रिकॉर्ड की गई।वहीं इस दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान 33.5 डिग्री बहरागोड़ा में और सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 20.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
शुक्रवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से बादल छाए रहे, लेकिन दोपहर बाद मौसम साफ हो गया। बावजूद इसके आसमान में बादलों की उपस्थिति बनी रही।
शुक्रवार को रांची में अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री और न्यूनतम 21.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 30.3 डिग्री और न्यूनतम 24.7 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 32.1 और न्यूनतम 25.8 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 31.1 डिग्री और न्यूनतम 23.5 डिग्री एवं चाईबासा में अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।




