Jharkhand : अवैध संबंध के शक में युवक की हत्या, आरोपित गिरफ्तार

Ranchi : पूर्वी सिंहभूम जिला स्थित परसुडीह थाना क्षेत्र के करनडीह लाइन टोला में मंगलवार देर रात एक युवक की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। अवैध संबंध के शक में हुए विवाद ने इतना हिंसक रूप ले लिया कि 35 वर्षीय मोहन सोरेन की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित राजू मुर्मू को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ कर रही है।

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक मोहन सोरेन पेशे से कान्वाई चालक था और मूल रूप से ओडिशा का रहने वाला था। उसका आना-जाना करनडीह लाइन टोला स्थित राजू मुर्मू के घर पर अक्सर होता था। स्थानीय लोगों के अनुसार मोहन, राजू की पत्नी सविता मुर्मू को मुंहबोली मामी कहकर संबोधित करता था, लेकिन राजू को दोनों के संबंधों पर लंबे समय से संदेह था। इसी बात को लेकर परिवार में अक्सर विवाद होता रहता था।

बताया जाता है कि मंगलवार रात मोहन सोरेन राजू मुर्मू के घर पहुंचा था। इसी दौरान घर के अंदर किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते उग्र रूप में बदल गया । आरोप है कि गुस्से में आकर राजू मुर्मू ने घर में रखी भारी स्टील की डेकची से मोहन पर कई वार कर दिए। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण मोहन सोरेन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना की प्रत्यक्षदर्शी और आरोपी की पत्नी सविता मुर्मू ने पुलिस को बताया कि रात में उसका पति घर पहुंचा और उस पर मोहन सोरेन के साथ संबंध होने का आरोप लगाने लगा। इसके बाद उसने मारपीट की और घर से बाहर निकाल दिया। भयभीत होकर वह अपने दोनों बच्चों को लेकर पड़ोस में चली गई। सविता का कहना है कि रात में घर के भीतर क्या हुआ, इसकी उसे जानकारी नहीं थी। सुबह जब वह वापस लौटी तो मोहन की हत्या की जानकारी मिली।

बुधवार सुबह घटना की सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से मृतक का मोबाइल फोन, खून से सनी स्टील की डेकची तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में मामला अवैध संबंध के संदेह से जुड़ा बताया जा रहा है।

परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि हत्या के आरोप में राजू मुर्मू को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!