Palamu : हरिहरगंज में 100 क्विंटल जावा महुआ नष्ट, 200 लीटर शराब बरामद
बिहार से सटे सीमावर्ती इलाकों में उत्पाद विभाग की संयुक्त छापेमारी, तीन स्थानों पर अवैध शराब के अड्डों को किया ध्वस्त
Hariharganj : दीपावली व छठ पर्व को देखते हुए अवैध शराब के कारोबार पर नकेल कसने के लिए उत्पाद विभाग ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की. उपायुक्त पलामू के आदेश एवं अधीक्षक उत्पाद पलामू के निर्देश पर उत्पाद विभाग पलामू और मद्य निषेध विभाग, औरंगाबाद (बिहार) की संयुक्त टीम ने हरिहरगंज थाना क्षेत्र के बिहार सीमावर्ती इलाकों में छापेमारी अभियान चलाया.

इस दौरान वैधविगहा, पिपरघाट और अकौनी में एक साथ कार्रवाई की गयी. छापेमारी के दौरान अवैध महुआ शराब निर्माण के बड़े कारोबार का खुलासा हुआ. टीम ने करीब 50 ड्रम में रखा लगभग 100 क्विंटल जावा महुआ (फुलाया हुआ महुआ) मौके पर ही विनष्ट कर दिया.
वहीं, तैयार की गई करीब 200 लीटर महुआ चुलाई शराब भी बरामद की गयी. शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, चूल्हे और अन्य सामग्रियों को भी मौके पर ही ध्वस्त कर दिया गया.

विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा है. इस कारोबार में संलिप्त अभियुक्तों की पहचान कर उनके विरुद्ध अभियोग दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है. अभियान में एसआइ अमित कुमार सहित उत्पाद विभाग के कर्मी शामिल थे.




