Palamu में सावन के अंतिम सोमवारी पर मंदिरों में उमड़ी भीड़
हर- हर महादेव के जयकारे से गूंज रहा शिवालय
Palamu : पलामू जिले में सावन महीने की अंतिम सोमवारी के उपलक्ष्य में पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर समेत जिले के विभिन्न शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी।श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव का जयकारा लगाते हुए भगवान भोलेशंकर का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।
कई शिवालयों में जलाभिषेक और रुद्राभिषेक का भी आयोजन किया गया। कई जगह कलश यात्रा भी निकाली गई।इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न गांवों के भारी संख्या में महिला पुरुषों ने कलश यात्रा में भाग लिया। शिव भक्तों ने बोल बम व हर-हर महादेव के जयकारे के साथ जलाभिषेक कर पूजा अर्चना की।

सदर प्रखंड के दुबियाखांड, पोलपोल के शिवबेल, सतबरवा, तुंबागड़ा समेत कई शिवमंदिरों में अंतिम सोमवारी को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। विश्रामपुर के नावाडीह स्थित अष्टभुजी एवं साई मन्दिर परिसर में स्थित शिव मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया।
सावन के अंतिम सोमवार पर विभिन्न शिवालयों और घाटों जैसे कोयल नदी घाट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।हर-हर महादेव और बोल बम’ के जयकारों के बीच शिव भक्तों ने कतारों में लगकर शिवलिंग पर जल, दूध और बेलपत्र अर्पित किया तथा विशेष अनुष्ठान एवं रुद्राभिषेक संपन्न किए।




