Palamu: 11 लाख के लेन-देन का विवाद बना जानलेवा हमला, तीन युवकों पर प्राथमिकी दर्ज
Palamu: स्थानीय शिवाजी मैदान डिज्नीलैंड मेला घूमकर घर लौट रहे सीसीएल कर्मी पर तीन युवकों ने कथित रूप से लाठी-डंडे से हमला कर दिया। हमले में सिर पर गंभीर चोट लगने के साथ बाइक सवार के जेब से नकद रुपये और गले से सोने की चेन लूट लिए जाने का आरोप है।

मामले में डालटनगंज शहर थाना पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।राजहरा कोलियरी निवासी उपेंद्र चौहान (36) ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि 21 अगस्त की रात करीब 10 बजे वह अपनी मोटरसाइकिल से डिज्नीलैंड मेला देखकर लौट रहे थे। मेदिनीनगर सरकारी बस डिपो के पास पहुंचते ही पवन कुमार, विकास कुमार और मनीष कुमार ने पीछे से मोटरसाइकिल रोक ली। आरोप है कि पवन ने रॉड से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह बाइक समेत गिर पड़े। इसके बाद तीनों ने मारपीट करते हुए जेब से 8,540 रुपये निकाल लिए और गले से सोने की चेन भी लूट ली।आवेदक के अनुसार, आरोपियों से 11 लाख रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था।
हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से हमला किया और उन्हें मृत समझकर छोड़कर भाग गए। बाद में राहगीरों ने उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज चल रहा है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 115(2), 126(2), 118(1), 303(2), 351(2), 352 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच की जा रही है।




