Palamu SP के निर्देश पर सदर थाना की पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान
पुलिस ने ग्रामीणों को डायन प्रथा और अवैध शराब के खिलाफ दी सख्त चेतावनी
Palamu : पलामू एसपी के निर्देश पर सदर थाना की पुलिस ने सदर थाना क्षेत्र के कौड़िया पंचायत अंतर्गत बखारी गांव में रविवार को ग्रामीणों के साथ बैठक कर सामाजिक कुरीतियों और गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया। बैठक की अध्यक्षता एएसआई समाल अहमद ने की।

एएसआई समाल अहमद ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि अंधविश्वास और सामाजिक कुरीतियां समाज के विकास में बड़ी बाधा हैं। उन्होंने डायन प्रथा को लेकर ग्रामीणों को कानून की जानकारी देते हुए कहा कि किसी महिला या व्यक्ति को डायन कहना अथवा इस आरोप में प्रताड़ित करना अपराध है। उन्होंने ग्रामीणों से ऐसी किसी भी घटना या अफवाह की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की। अवैध शराब से दूर रहने की अपील पुलिस पदाधिकारी ने अवैध शराब के निर्माण और बिक्री को लेकर भी ग्रामीणों को सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि अवैध शराब का कारोबार कानूनन अपराध है और इससे परिवार एवं समाज पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
उन्होंने ग्रामीणों को रोजगार के वैकल्पिक साधनों से जुड़ने की सलाह देते हुए बकरी पालन, भैंस पालन और मुर्गी पालन जैसी गतिविधियों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने की बात कही। पूर्व मुखिया ने पुलिस अभियान की सराहना की कार्यक्रम में बीस सूत्री सदस्य एवं पूर्व मुखिया प्रेमप्रकाश ठाकुर ने कहा कि गांव के लोग पहले की अपेक्षा अधिक जागरूक हुए हैं। शिक्षा और रोजगार के प्रति ग्रामीणों का रुझान बढ़ रहा है। उन्होंने सदर थाना पुलिस द्वारा गांव-गांव जाकर कानून और सामाजिक मुद्दों को लेकर जागरूक करने की पहल की सराहना की। बैठक में समाजसेवी टाइगर चंद्रवंशी, अर्जुन सिंह, संजय सिंह, अवधेश राम, कलाम अंसारी, पछु राम, लालेस सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं मौजूद रहीं। ग्रामीणों ने पुलिस के जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए कानून का पालन करने और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक रहने का संकल्प लिया।
सदर थाना पुलिस की ओर से कहा गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि लोगों को कानून की जानकारी मिले और सामाजिक कुरीतियों एवं गैरकानूनी गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।




