Palamu : कोयल नदी का बढ़ा जलस्तर, निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा
Medininagar: पलामू जिले में रविवार से हो रही लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।कोयल नदी का जलस्तर बढ़ने से शहर के निचले इलाकों में पानी घुसने की आशंका बढ़ गयी है। पहाड़ी मोहल्ला के राहत नगर, पंचवटी नगर और बैंक कॉलोनी के निचले हिस्सों में नदी का पानी फैल गया है।
पंचवटी में नदी किनारे की सड़क भी पानी में डूब गयी। जिला प्रशासन मौसम और बारिश की स्थिति पर लगातार नजर रख रही है।लगातार बारिश ने नगर निगम की सफाई और जल निकासी व्यवस्था की भी पोल खोल दी। नाला-नालियों की समुचित सफाई नहीं होने से कई इलाकों में बारिश का पानी गंदगी के साथ सड़कों पर बहता रहा। कई मोहल्लों में नालों का पानी घरों तक पहुंच गया। नगर निगम कार्यालय परिसर भी जलमग्न हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि लाखों रुपये खर्च कर सौंदर्यीकरण के बावजूद जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से बारिश के दौरान यहां हर साल पानी जमा हो जाता है।छह मुहान, दो नंबर टाउन अंडरपास, एसओ पेट्रोल पंप, निगम वाहन यार्ड, सरकारी बस डिपो, गायत्री मंदिर रोड, गम्हेल रोड, पुलिस लाइन रोड, राजनगर, पटेलनगर, बीस फूटा पुल, बैरिया चौक और रांची रोड रेडमा समेत शहर के कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है।

पुलिस लाइन रोड में शिव मंदिर से तिवारी पेट्रोल पंप तक करीब दो से तीन फीट पानी जमा रहा, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार शिव मंदिर के पास बड़े नाला चैंबर में अक्सर कूड़ा जमा रहता है। वहीं अधिवक्ता सतीशचंद्र महतो के घर से कार वाशिंग सेंटर तक नाले पर अतिक्रमण के कारण जल निकासी बाधित है।लोगों ने बताया कि शांतिपुरी, आबादगंज, जेलहाता और एसडीओ आवास रोड का पानी इसी नाले से होकर गुजरता है। नाला संकरा होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पाती और हर वर्ष बारिश में जलजमाव की समस्या उत्पन्न होती है।
स्थानीय लोगों ने जल निकासी के लिए नये नाले के निर्माण की मांग की है।इधर, रेलवे स्टेशन रोड स्थित एसओ पेट्रोल पंप और गोविंद भवन के पास सड़क पर जलजमाव के साथ पानी का तेज बहाव रहा। राहगीरों को जूते-चप्पल हाथ में लेकर सड़क पार करनी पड़ी। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी हुई।स्थानीय लोगों के अनुसार रेलवे लाइन के किनारे भी जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। रेडमा और आबादगंज का पानी रेलवे लाइन पार कर जयनारायण पाठक के आवासीय परिसर की ओर से बहता है। निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण गंदा पानी गोविंद भवन के पास सड़क पर फैल गया। इससे लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इधर मौसम विभाग के अनुसार 1 सितंबर को पलामू समेत गढ़वा, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, रांची, खूंटी, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में यलो अलर्ट जारी किया गया है।



