Palamu : हैदरनगर का बेटा उमेश प्रसाद बने डीएसपी
सीआरपीएफ के आईजी ने कंधों पर सजाए तीन स्टार, क्षेत्र में जश्न का माहौल
हुसैनाबाद : हैदरनगर प्रखंड के लिए शुक्रवार का दिन गर्व और खुशी लेकर आया। प्रखंड मुख्यालय के मुख्य बाजार स्थित जगदंबा श्रृंगार स्टोर के समीप निवासी उमेश प्रसाद को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में पदोन्नति के बाद उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) के पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। रायपुर में आयोजित गरिमामयी रैंक सेरेमनी में सीआरपीएफ रायपुर सेक्टर के महानिरीक्षक (आईजी) शैलेंद्र कुमार ने उनके कंधों पर डीएसपी के तीन स्टार लगाकर पदोन्नति की औपचारिक घोषणा की।

वर्तमान में उमेश प्रसाद सीआरपीएफ के आईजी कार्यालय, रायपुर में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उनकी पदोन्नति की खबर मिलते ही हैदरनगर समेत पूरे पलामू जिले में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों, मित्रों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे उनकी वर्षों की मेहनत, अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का सम्मान बताया।स्थानीय लोगों ने कहा कि सीमित संसाधनों के बीच हैदरनगर जैसे छोटे कस्बे से निकलकर देश की प्रतिष्ठित सुरक्षा संस्था में डीएसपी जैसे महत्वपूर्ण पद तक पहुंचना आसान नहीं होता। उमेश प्रसाद की सफलता इस बात का प्रमाण है कि दृढ़ संकल्प और कठिन परिश्रम से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
क्षेत्र के बुद्धिजीवियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा कि उमेश प्रसाद की उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे हैदरनगर और पलामू जिले के लिए गर्व का विषय है। उनकी यह सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी और उन्हें देश सेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का उत्साह देगी। सभी ने उनके उज्ज्वल, सफल और जनसेवा से परिपूर्ण कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।



