Panki : जहरीले जंतु के काटने से युवक की मौत
मेदिनीनगर।पांकी थाना क्षेत्र के माड़न पंचायत अंतर्गत सूरजावन गांव में शुक्रवार देर रात जहरीले जंतु के काटने से 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान आशीष कुमार, पिता रामू उरांव के रूप में हुई है।मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात करीब 2 बजे आशीष अपने घर में जमीन पर सोया हुआ था।

इसी दौरान किसी जहरीले जंतु ने उसे काट लिया। शुरुआत में उसे पता नहीं चला कि किस जीव ने काटा है। कुछ देर बाद शरीर से खून निकलने लगा और उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए तुम्बागड़ा अस्पताल ले जा रहे थे।लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही आशीष ने दम तोड़ दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।ग्रामीणों ने क्षेत्र में सर्पदंश एवं जहरीले जीवों के काटने की घटनाओं को देखते हुए तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।




