Radio Samrat : स्वच्छ एवं सुंदर गांव कार्यक्रम का ग्रामीणों ने सुना प्रसारण
Palamu : स्वच्छ एवं सुंदर गांव कार्यक्रम के तहत पलामू जिला स्थित हैदरनगर प्रखंड के सजवन गांव में “रेडियो सम्राट” पर प्रसारित विशेष कार्यक्रम को जल सहियाओं ने ग्रामीणों के साथ सुना।
गुरुवार की शाम 6 बजे हुए प्रसारण में स्वच्छता अभियान के विभिन्न आयामों पर आधारित कहानी के माध्यम से स्वच्छता समिति के बेहतर कर्तव्यों और उससे होने वाले लाभों की जानकारी दी गई।

विभागीय निर्देश के अनुपालन को लेकर प्रखंड वास समन्वयक हरसु कुमार दयानिधि ने सभी जलसहियाओं को कार्यक्रम के प्रसार एवं ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।जलसहियाओं के प्रयास से विभिन्न गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं एवं बच्चे एकत्र हुए और रेडियो कार्यक्रम को ध्यानपूर्वक सुना।
प्रखंड वास समन्वयक ने बताया कि स्वच्छता के प्रति ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कार्यक्रम का अगला प्रसारण 11 सितंबर 2026 को सुबह 9 बजे तथा 17 सितंबर 2026 को शाम 6 बजे किया जाएगा। उन्होंने सभी जलसहियाओं को इन प्रसारणों की जानकारी अधिक से अधिक ग्रामीणों तक पहुंचाने तथा उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।





