Ranchi : मशरूम उत्पादन एवं प्रसंस्करण पर तीन दिवसीय कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का हुआ आयोजन
Ranchi : भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के कृषि प्रणाली का पहाड़ी एवं पठारी अनुसंधान केंद्र, प्लांडू, रांची में 2 से 4 सितंबर 2026 तक “मशरूम उत्पादन एवं प्रसंस्करण” विषय पर तीन दिवसीय कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन डॉ. अनूप दास, निदेशक, भा.कृ.अ.प. का पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में झारखंड के सिमडेगा, खूंटी एवं रांची जिलों के कुल 26 जनजातीय किसानों ने भाग लिया।

किसानों को दी गई अहम जानकारी
कार्यक्रम का उद्देश्य जनजातीय किसानों को मशरूम उत्पादन एवं प्रसंस्करण की वैज्ञानिक तकनीकों से अवगत कराते हुए उनके तकनीकी ज्ञान एवं व्यावहारिक कौशल को बढ़ाना तथा आजीविका विविधीकरण, स्वरोजगार एवं आय सृजन के अवसरों को बढ़ावा देना था। प्रशिक्षण के दौरान मुख्य रूप से ऑयस्टर एवं मिल्की मशरूम के उत्पादन एवं प्रसंस्करण की तकनीकों पर प्रशिक्षण दिया गया। किसानों को मशरूम उत्पादन के विभिन्न पहलुओं, जैसे सब्सट्रेट तैयार करना, स्पॉनिंग, फसल प्रबंधन, मशरूम की तुड़ाई, कटाई उपरांत प्रबंधन एवं प्रसंस्करण के संबंध में तकनीकी व्याख्यान, व्यावहारिक प्रदर्शन एवं हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
वैज्ञानिक मशरूम उत्पादन पर दिया गया जोर
प्रशिक्षण के दौरान वैज्ञानिक मशरूम उत्पादन तकनीकों एवं मूल्यवर्धन पर विशेष जोर दिया गया। ताकि किसान मशरूम उत्पादन को एक लाभकारी उद्यम के रूप में अपनाकर अपनी आय में वृद्धि कर सकें तथा स्थायी आजीविका के अवसर प्राप्त कर सकें।

प्रशिक्षण में शामिल किसानों को दिया गया प्रमाण-पत्र
कार्यक्रम के समापन अवसर पर डॉ. अवनी कुमार सिंह, प्रधान, कृषि प्रणाली का पहाड़ी एवं पठारी अनुसंधान केंद्र, प्लांडू, रांची द्वारा प्रशिक्षण में शामिल किसानों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। किसानों को मशरूम उत्पादन को अपने स्तर पर प्रारंभ करने एवं आगे बढ़ाने के लिए मशरूम स्पॉन (बीज) भी उपलब्ध कराया गया।
डॉ. एके झा ने किया आभार व्यक्त
कार्यक्रम के अंत में डॉ. एके झा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले विशेषज्ञों, प्रशिक्षणार्थी किसानों एवं सभी संबंधित व्यक्तियों के प्रति आभार व्यक्त किया।यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जनजातीय किसानों में मशरूम उत्पादन एवं प्रसंस्करण संबंधी व्यावहारिक ज्ञान एवं कौशल विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा।इससे झारखंड के जनजातीय क्षेत्रों में मशरूम आधारित स्वरोजगार, उद्यमिता एवं आजीविका सुदृढ़ीकरण को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।




