
इनामी माओवादी रविन्द्र गंझु की निशानदेही पर AK-56 व भारी मात्रा में कारतूस बरामद
Sanjay prajapati @ united palamu

Latehar : पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए संयुक्त विशेष अभियान “स्पेशल ऑप्स कांटी (SPECIAL OPS KANTI)” में गिरफ्तार 20 लाख रुपये के इनामी माओवादी एवं प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के सक्रिय रीजनल कमेटी सदस्य रविन्द्र गंझु उर्फ मुकेश गंझु उर्फ सुरेन्द्र गंझु से पुलिस रिमांड के दौरान हुई पूछताछ में कई अहम खुलासे हुए हैं। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक बार फिर हथियार एवं भारी मात्रा में कारतूस बरामद की हैं।

एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता ने दिन रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि बीते 12 जुलाई 2026 को लातेहार पुलिस, सीआरपीएफ एवं कोबरा-209 बटालियन के संयुक्त विशेष अभियान के दौरान चंदवा थाना क्षेत्र के बांझी टोला गांव के बाहर जंगल स्थित बरगद के पेड़ के समीप से रविन्द्र गंझु को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के समय उसकी निशानदेही पर कई स्वचालित हथियार एवं गोलियां बरामद की गई थीं।
पून:रिमांड के दौरान पूछताछ में रविन्द्र गंझु ने कई अन्य नक्सली घटनाओं एवं आपराधिक मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक AK-56 स्वचालित राइफल, AK-56 की दो मैगजीन, 90 जिंदा कारतूस तथा एक काले रंग का पाउच बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 43 वर्षीय रविन्द्र गंझु पिछले करीब 30 वर्षों से माओवादी संगठन से जुड़ा रहा है। वह संगठन में रीजनल कमांडर के रूप में सक्रिय रहते हुए चंदवा, गुमला एवं लोहरदगा क्षेत्र में लेवी वसूली, विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न करने, आम नागरिकों एवं सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने तथा कई मुठभेड़ों में शामिल रहा है।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार रविन्द्र गंझु के विरुद्ध लातेहार जिले में 41, लोहरदगा में 87 तथा गुमला में 27 सहित कुल 155 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
छापामारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारी व बल।
इस अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संदीप कुमार गुप्ता, बेतर ओपी प्रभारी रितेश कुमार राव, बारेसाढ़ थाना प्रभारी शशि कुमार, चंदवा थाना के पुलिस अवर निरीक्षक अजीत कुमार, बेतर ओपी के पुलिस अवर निरीक्षक रितेश तिग्गा, SAT-01 एवं SAT-45 के जवान तथा सीआरपीएफ एवं कोबरा-209 के सुरक्षा बलों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।




