
चैनपुर के 2 युवकों की दर्दनाक मौत, रेड़मा ओवरब्रिज पर रेलिंग से टकराई बाइक
Palamu : मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के रेड़मा ओवर ब्रिज पर बीती रात दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। युवकों की पहचान चैनपुर थाना क्षेत्र के स्थानीय निवासी प्रभु ठाकुर के पुत्र आनंद कुमार (उम्र 22 वर्ष) और शाहपुर निवासी अजय कुमार के पुत्र मिंशू कुमार (उम्र 20 वर्ष) के रूप में की गई है।
घटना के बारे में परिजनों ने बताया कि शनिवार की शाम दोनों युवक बाइक पर सवार होकर लेसलीगंज अपने रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने गए थे। रविवार की देर रात शादी समारोह से दोनों अपने घर लौट रहे थे।इसी दौरान रेड़मा ओवर ब्रिज पर उनका बाइक अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकरा गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि घटनास्थल पर ही दोनों की मौत हो गई। इसके बाद राहगीरों के द्वारा इस घटना की जानकारी शहर थाना की पुलिस को दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही शहर थाना की पेट्रोलिंग वाहन घटना स्थल पर पहुंचकर दोनों शव को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। वही इस घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




