चैनपुर : वर्षों पुराने छठ घाट की जमीन पर विवाद, ग्रामीणों ने उपायुक्त से लगाई न्याय की गुहार
Palamu : चैनपुर प्रखंड के महुगांवा गांव में वर्षों पुराने छठ घाट की जमीन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इस मामले को लेकर गांव के ग्रामीणों ने पलामू उपायुक्त को लिखित आवेदन देकर मामले में हस्तक्षेप करने और उचित कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, महुगांवा गांव के लोग वर्षों से लघु सिंचाई विभाग की जमीन पर छठ घाट बनाकर पारंपरिक तरीके से छठ महापर्व मनाते आ रहे हैं। प्रत्येक वर्ष यहां छठ पूजा के अवसर पर पंडाल लगाकर भव्य आयोजन किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि इस वर्ष उक्त स्थल पर राजाराम पांडेय और सचिन दुबे द्वारा जोत-कोड़ कर दिए जाने के कारण छठ पूजा के आयोजन को लेकर गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि इस विवाद के कारण छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं के सामने पूजा संपन्न कराने के लिए स्थान की अनुपलब्धता का संकट खड़ा हो गया है।

ग्रामीणों ने बताया कि यह स्थान केवल पूजा का स्थल नहीं, बल्कि वर्षों पुरानी धार्मिक आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे में इस जमीन को लेकर उत्पन्न विवाद से पूरे गांव में असमंजस और चिंता का माहौल है।
इसी को लेकर समस्त महुगांवा ग्रामवासियों ने पलामू उपायुक्त से छठ महापर्व से पूर्व मामले का त्वरित एवं न्यायसंगत समाधान कराने की मांग की है, ताकि वर्षों पुरानी परंपरा के अनुसार श्रद्धालु शांतिपूर्ण तरीके से छठ पूजा संपन्न कर सकें।
अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस मामले में क्या पहल करता है और ग्रामीणों को छठ महापर्व से पहले न्याय मिल पाता है या नहीं।




