
छात्राओं ने दुगिला गांव में खोजे ग्रामीण नवाचार व पारंपरिक ज्ञान
लातेहार : ग्रासरूट इनोवेशन इंटर्नशिप कार्यक्रम के तहत मंगलवार को बनवारी साहू महाविद्यालय, लातेहार की छात्राओं ने मेंटर नवल किशोर प्रसाद के नेतृत्व में दुगिला गांव का भ्रमण कर ग्रामीण नवाचार एवं पारंपरिक ज्ञान का अध्ययन किया।
इस दौरान कविता कुमारी, आरती कुमारी, कविता कुमारी एवं उषा कुमारी ने ग्रामीणों से संवाद कर स्थानीय नवाचार, पारंपरिक औषधीय ज्ञान, पौधों के संरक्षण, हस्तशिल्प तथा सामाजिक परंपराओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां एकत्रित कीं। साथ ही इन नवाचारों से ग्रामीण समाज को होने वाले लाभों की भी जानकारी प्राप्त की।यह कार्यक्रम मेंटर्स ऑफ मेंटर्स कुमार सौरभ, रांची के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है।
महाविद्यालय के मेंटर नवल किशोर प्रसाद ने बताया कि इंटर्नशिप के लिए दो टीमों का गठन किया गया है। पहली टीम अपना सर्वेक्षण कार्य पूरा कर रिपोर्ट जमा कर चुकी है, जबकि दूसरी टीम वर्तमान में गांवों का दौरा कर अध्ययन कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दूसरी टीम भी बेहतर कार्य करते हुए उपयोगी रिपोर्ट तैयार करेगी।





