
जनगणना 2027: स्व-गणना अभियान की हुई शुरुआत, 15 मई तक ऑनलाइन भर सकेंगे विवरण
Latehar : जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत जिले में स्व-गणना (Self Enumeration) कार्य की औपचारिक शुरुआत उप विकास आयुक्त श्री सैय्यद रियाज अहमद ने की। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं अपने परिवार का विवरण दर्ज कर अभियान का शुभारंभ किया।

उप विकास आयुक्त ने कहा लोग घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं।
उप विकास आयुक्त ने बताया कि नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बार स्व-गणना की व्यवस्था की गई है, जिससे लोग घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। स्व-गणना की अवधि 1 मई से 15 मई 2026 तक निर्धारित की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह प्रक्रिया पूरी तरह ऐच्छिक है, यानी इच्छुक नागरिक ही इसका उपयोग कर सकते हैं।उन्होंने बताया कि इच्छुक नागरिक निर्धारित पोर्टल (se.census.gov.in) पर जाकर अपना विवरण भर सकते हैं। स्व-गणना पूर्ण करने के बाद प्राप्त होने वाले SE-ID को सुरक्षित रखना आवश्यक होगा, जिसे बाद में प्रगणक (Enumerator) के घर आने पर साझा करना होगा।प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति स्व-गणना नहीं करता है, तो उसे चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। निर्धारित अवधि में प्रगणक घर-घर जाकर सभी आवश्यक जानकारी एकत्र करेंगे।इस क्रम में अपर समाहर्ता रामा रविदास, डीआरडीए निदेशक प्रभात रंजन चौधरी, अनुमंडल , जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्रवण राम, योजना पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारियों द्वारा भी स्व-गणना का कार्य किया गया।प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्व-गणना की सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं, जिससे जनगणना प्रक्रिया को सरल और तेज बनाया जा सके।




